दतिया | दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के नामांकन कार्यक्रम में पार्टी ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट में नामांकन दाखिल करने के बाद किला चौक पर आयोजित विशाल जनसभा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने सभा को संबोधित किया। मंच से डॉ. नरोत्तम मिश्रा भावुक नजर आए और कार्यकर्ताओं से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।

“पार्टी ने मुझे बहुत दिया है, अब संगठन का हर फैसला स्वीकार” : अपने संबोधन में डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें हमेशा सम्मान दिया है और जो कुछ भी मिला, वह पार्टी की बदौलत मिला है। उन्होंने कहा कि अब संगठन ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है, इसलिए उन्हें जिताना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पार्टी का निर्णय उनके लिए सर्वोपरि है और सभी कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ चुनाव में जुटें।
मुख्यमंत्री बोले- आशुतोष अब आपके सुपुर्द : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच से डॉ. नरोत्तम मिश्रा को संबोधित करते हुए कहा, “नरोत्तम जी, हम आपके छोटे भाई आशुतोष तिवारी को आपके सुपुर्द कर रहे हैं। अब इन्हें जीताकर विधानसभा भेजने की जिम्मेदारी आपकी है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश तेजी से विकास कर रहा है और दतिया के विकास में भी कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
कांग्रेस पर साधा निशाना : सभा के दौरान डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने पूर्व विधायक राजेंद्र भारती पर भी तंज कसते हुए सवाल किया कि वे नामांकन के दौरान अंदर क्यों नहीं पहुंचे। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह पर टिप्पणी करते हुए उन्हें “एक्सपायरी डेट की होम्योपैथी की गोली” बताया और कहा कि “मीठी जरूर होती है, लेकिन किसी काम की नहीं होती।”
“जब मैं आया था तब तांगे चलते थे, आज हवाई जहाज उतरते हैं” : अपने संबोधन में डॉ. मिश्रा ने दतिया के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि जब उन्होंने राजनीति की शुरुआत की थी, तब शहर में तांगे चलते थे, जबकि आज दतिया में हवाई जहाज उतरने की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने दतिया को विकास और शांति का नया स्वरूप दिया है तथा क्षेत्र को “शांति का टापू” बनाने का काम किया है।

आशुतोष तिवारी बोले- डॉ. मिश्रा हमारे अभिभावक : भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने अपने संबोधन में डॉ. नरोत्तम मिश्रा को पार्टी का वरिष्ठ नेता और अपना अभिभावक बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. मिश्रा के मार्गदर्शन और भाजपा कार्यकर्ताओं के सहयोग से वे उपचुनाव में जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए दतिया के विकास को अपनी प्राथमिकता बताया।

दतिया विधानसभा उपचुनाव में अब भाजपा, कांग्रेस और आज़ाद समाज पार्टी के बीच मुकाबला तेज हो गया है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही जिले में चुनावी प्रचार भी पूरी रफ्तार पकड़ चुका है।

