सड़क हादसा : ट्रैक्टर की टक्कर से पलटी टैक्सी, आठ यात्री घायल; चार की हालत गंभीर;चालक ट्रैक्टर लेकर फरार !
दतिया | जिले के भांडेर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक सड़क हादसे में टैक्सी सवार आठ लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना ततारपुर गांव के पास उस समय हुई, जब एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टैक्सी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद टैक्सी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

खरीदारी के लिए भांडेर जा रहे थे सभी यात्री : प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टैक्सी में सवार सभी लोग नोबई गांव से भांडेर की ओर खरीदारी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने वाहन को टक्कर मार दी, जिससे टैक्सी पलट गई।

हादसे के समय वाहन में सवार सभी यात्रियों को चोटें आईं।घायलों में राजकुमार आदिवासी, रामचरण अहिरवार, भैयालाल आदिवासी, कीर्ति आदिवासी, सलमान खान, बेनी बाई जाटव, रामरती दोहरे और जानकी देवी आदिवासी शामिल हैं।

चार घायलों को जिला अस्पताल किया गया रेफर : घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भांडेर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों ने जानकी देवी आदिवासी, भैयालाल आदिवासी, बेनी बाई जाटव और कीर्ति आदिवासी की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल दतिया रेफर कर दिया। अन्य घायलों का उपचार भांडेर में ही जारी है।

हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर भांडेर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter