दतिया | जिले में विभिन्न आपराधिक मामलों में जब्त किए गए अवैध हथियारों का बुधवार को न्यायालय के आदेश के बाद नियमानुसार नष्टीकरण किया गया। पुलिस कंट्रोल रूम परिसर के सामने निर्धारित प्रक्रिया के तहत 628 अवैध हथियारों को एकत्र कर उन पर रोलर चलाया गया, जिससे उन्हें पूरी तरह अनुपयोगी बना दिया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नष्ट किए गए हथियार वर्ष 2007 से अब तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज आपराधिक प्रकरणों के दौरान जब्त किए गए थे। इन मामलों का न्यायालय में अंतिम निराकरण होने के बाद अदालत से प्राप्त आदेश के अनुरूप सभी हथियारों का विधिवत नष्टीकरण किया गया।
एसपी के निर्देशन में पूरी हुई कार्रवाई : यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के निर्देशन में संपन्न हुई। नष्टीकरण प्रक्रिया की निगरानी भांडेर एसडीओपी पी.सी. यादव, रक्षित निरीक्षक सौरभ तिवारी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने की। पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पूरी की गई।
मालखानों का रिकॉर्ड होगा व्यवस्थित : पुलिस का कहना है कि न्यायालय से प्रकरणों के निराकरण के बाद जब्त सामग्री का समय-समय पर नष्टीकरण किया जाता है। इससे पुलिस मालखानों में लंबे समय से रखे जब्त हथियारों का सुरक्षित और नियमानुसार निष्पादन होता है, साथ ही अभिलेखों को भी व्यवस्थित रखने में सुविधा मिलती है।
पुलिस विभाग के अनुसार, इस तरह की कार्रवाई न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप नियमित रूप से की जाती है, ताकि जब्त सामग्री का विधिसम्मत निपटारा सुनिश्चित किया जा सके।

