दतिया उपचुनाव में चुनावी रण तैयार : मैदान में प्रशासन भी एक्टिव, युवाओं ने संभाला जागरूकता का मोर्चा, फ्लैग मार्च से सुरक्षा का संदेश !

दतिया। दतिया विधानसभा उपनिर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण से लेकर सुरक्षा व्यवस्था और मतदाता जागरूकता अभियान तक विभिन्न गतिविधियां लगातार आयोजित की जा रही हैं। प्रशासन का विशेष फोकस युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने पर है।

‘यूथ चला बूथ की ओर’ में युवाओं ने दिया मतदान का संदेश : भारत निर्वाचन आयोग के स्वीप कार्यक्रम के तहत डाइट, दतिया में ‘यूथ चला बूथ की ओर’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और लोकतंत्र में मतदान के महत्व पर अपने विचार रखे। युवाओं ने प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं से भी आगामी उपचुनाव में बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की।

घर-घर डाक मतपत्र मतदान के लिए मतदान दलों को प्रशिक्षण : उपचुनाव के तहत घर-घर डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान कराने के लिए नियुक्त मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान मतदान की गोपनीयता, मतदाताओं की पहचान और घोषणा-पत्र के सत्यापन सहित पूरी प्रक्रिया को निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार संपन्न कराने की जानकारी दी गई।

283 माइक्रो ऑब्जर्वरों को मिली जिम्मेदारियों की जानकारी : निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 283 माइक्रो ऑब्जर्वरों को प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें मतदान केंद्रों पर निगरानी, रिपोर्टिंग व्यवस्था और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के पालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

महिला मतदान कर्मियों का भी प्रशिक्षण पूरा : महिला मतदान कर्मियों को दो चरणों और दो पालियों में प्रशिक्षण दिया गया। इसमें ईवीएम और वीवीपैट संचालन, मतदान केंद्र की व्यवस्थाओं और मतदाताओं को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने सभी मतदान कर्मियों को जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ निर्वाचन कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

केंद्रीय सुरक्षा बल के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में फ्लैग मार्च : शांतिपूर्ण चुनाव के लिए पुलिस अधीक्षक मयूर खण्डेलवाल के निर्देशन में बसई और उनाव थाना पुलिस ने केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों के साथ ग्रामीण इलाकों में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान लोगों से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की गई। वहीं चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

मतदान और मतगणना के दौरान रहेगा शुष्क दिवस : प्रशासन के आदेश के अनुसार मतदान दिवस पर दतिया विधानसभा क्षेत्र और उससे लगे 3 किलोमीटर क्षेत्र में शुष्क दिवस रहेगा। इसके अलावा मतगणना के दिन भी दतिया विधानसभा क्षेत्र में पूरे दिन शुष्क दिवस प्रभावी रहेगा।

विद्यार्थियों और शिक्षकों ने ली मतदान की शपथ : स्वीप अभियान के तहत शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, पीतांबरा पीठ परिसर में भी मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों को मतदान की शपथ दिलाई गई। साथ ही विद्यार्थियों से अपने अभिभावकों और परिवारजनों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter