दतिया | दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। चुनावी मैदान में भाजपा अपने प्रचार अभियान को धार देने के लिए अब बड़े नेताओं की सभाएं और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शुक्रवार को दतिया पहुंचेंगे और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में बड़ौनी में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।
मां पीतांबरा के दर्शन से शुरू होगा दौरा : निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ज्योतिरादित्य सिंधिया शुक्रवार दोपहर सड़क मार्ग से ग्वालियर से दतिया पहुंचेंगे। दतिया आगमन के बाद वे सबसे पहले मां पीतांबरा के दरबार में पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वे शहर की राजघाट कॉलोनी और होलीक्रॉस स्कूल के आसपास भाजपा कार्यकर्ताओं के निवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात करेंगे।
बड़ौनी में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा : सिंधिया का मुख्य चुनावी कार्यक्रम दोपहर करीब 2:45 बजे बड़ौनी में प्रस्तावित है। यहां वे भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे पार्टी कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों को लेकर संवाद करने के साथ ही मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में समर्थन की अपील करेंगे।
सिंधिया की सभा को लेकर भाजपा संगठन सक्रिय : केंद्रीय मंत्री के दौरे को लेकर भाजपा संगठन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। चुनावी प्रचार के बीच सिंधिया की बड़ौनी में होने वाली सभा को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए पार्टी ग्रामीण क्षेत्र में भी अपने चुनावी अभियान को और मजबूत करने की कोशिश करेगी।
सभा के बाद ग्वालियर रवाना होंगे सिंधिया : बड़ौनी में जनसभा समाप्त होने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया सड़क मार्ग से वापस ग्वालियर के लिए रवाना होंगे। उनके दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखा जा रहा है और पार्टी स्तर पर जनसभा को सफल बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।

