‘वो कांग्रेस का जमाना दोबारा मत लाना, इसलिए आशुतोष को जिताना’: सिंधिया ने सुनाया पुराना सियासी किस्सा, बोले- ‘जब पहली बार आया था, तब मैं उस तरफ था…’

दतिया | दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के प्रचार अभियान को धार देने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया दतिया पहुंचे। सड़क मार्ग से दतिया पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले पीतांबरा पीठ पहुंचकर मां बगलामुखी के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने वनखंडेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। धार्मिक दर्शन के बाद सिंधिया ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और फिर बड़ौनी में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया।

मंच से सिंधिया ने सुनाया पुराना सियासी किस्सा, बोले- ‘तब मैं उस तरफ था’ : बड़ौनी की सभा में अपने संबोधन के दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने पुराने राजनीतिक दौर का जिक्र करते हुए कहा, “जब मैं पहली बार यहां आया था, तब मैं उस तरफ था। उस समय किसी के साथ मिलकर हर जिले में हमारी रैलियां हो रही थीं। समझदार को इशारा काफी है… उस समय भी मैं उधर था और वो भी उधर थे।”

सिंधिया के इस बयान को उनके पुराने राजनीतिक दौर की ओर इशारे के तौर पर देखा गया। इसके बाद उन्होंने उस समय दतिया में उठने वाली प्रमुख मांगों और तत्कालीन बिजली व्यवस्था का भी जिक्र किया।

‘तब दतिया में उठी थीं तीन प्रमुख मांगें’, गांवों की बिजली व्यवस्था का भी किया जिक्र : सिंधिया ने कहा कि उस समय दतिया में ताज एक्सप्रेस के ठहराव, केंद्रीय विद्यालय और गांव-गांव में बिजली की तीन प्रमुख मांगें उठी थीं। बिजली व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय गांवों में जिस चीज को आज हम बल्ब कहते हैं, उसे उस जमाने में ‘लट्टू’ कहा जाता था। उन लट्टुओं में भी पर्याप्त वोल्टेज नहीं आता था और वे खुद ही फ्यूज हो जाते थे।

‘इसीलिए कहता हूं- वो कांग्रेस का जमाना दोबारा मत लाना, आशुतोष को जिताना’ : अपने संबोधन में सिंधिया ने पुराने दौर का जिक्र करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं और जनता से कहा कि वह समय दोबारा नहीं आना चाहिए। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में अपील करते हुए कहा, “इसीलिए कहता हूं- वो कांग्रेस का जमाना दोबारा मत लाना, इसलिए आशुतोष को जिताना।”

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दतिया को विकास की दिशा में आगे ले जाने के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करना जरूरी है। उन्होंने जनता से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को विजयी बनाने की अपील करते हुए दतिया के विकास और बेहतर भविष्य के लिए भाजपा के पक्ष में जनसमर्थन मांगा।

पीतांबरा पीठ में दर्शन के बाद नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी मिले सिंधिया : दतिया पहुंचने पर सिंधिया ने मां पीतांबरा के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। इसके बाद उन्होंने वनखंडेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया। धार्मिक कार्यक्रमों के बाद सिंधिया भांडेर के पूर्व विधायक रक्षासंतराम सिरोनिया के निवास पहुंचे और उनसे मुलाकात की। इसके बाद भाजपा नेता सुनील तिवारी के घर पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की।

बड़ौनी की सभा में भाजपा ने झोंकी पूरी ताकत : इसके बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बड़ौनी पहुंचे, जहां भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया। सिंधिया के दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सभा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच सिंधिया का यह दौरा भाजपा के चुनावी प्रचार अभियान के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अपने संबोधन में सिंधिया ने जहां पुराने राजनीतिक दौर का जिक्र किया, वहीं दतिया की विकास संबंधी मांगों और बिजली व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में मतदान की अपील की।

‘नरोत्तम मिश्रा और आशुतोष की जोड़ी ही दतिया में विकास को नई गति दे सकती है’ : सिंधिया ने जनसभा में भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि दतिया के विकास को नई गति देने के लिए मजबूत नेतृत्व और बेहतर समन्वय जरूरी है।

नरोत्तम मिश्रा और आशुतोष तिवारी की जोड़ी दतिया के विकास को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि दोनों के साथ मिलकर काम करने से क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जा सकेगा और विकास कार्यों को गति मिलेगी। सिंधिया ने एक बार फिर जनता से आशुतोष तिवारी के पक्ष में मतदान कर भाजपा को मजबूत करने की अपील की।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter