डीआरआई का देशभर में बड़ा एक्शन: 27 किलो से अधिक तस्करी का सोना जब्त, 12 गिरफ्तार

नई दिल्ली | राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने देशभर में सोने की तस्करी करने वाले संगठित गिरोहों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए विभिन्न अभियानों में डीआरआई ने 27 किलोग्राम से अधिक विदेशी मूल का तस्करी का सोना जब्त किया है। इन मामलों में 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

डीआरआई की कार्रवाई में तस्करी के सोने को छिपाने के कई चौंकाने वाले तरीके सामने आए। तस्करों ने सोने को विमान के टॉयलेट की छत, विशेष रूप से बनाई गई गुप्त गुहाओं, बर्तनों, वाहनों और यहां तक कि शरीर के अंदर तक छिपाया था।

मुंबई एयरपोर्ट पर विमान के टॉयलेट से 12 किलो सोना बरामद : 23 और 24 जुलाई को मुंबई में डीआरआई अधिकारियों ने अदीस अबाबा से आने वाले तीन यात्रियों को रोका। विमान की तलाशी के दौरान पिछले टॉयलेट की छत के पैनल में छिपाकर रखी गई लगभग 12 किलोग्राम वजन की छह विदेशी मूल की सोने की ईंटें बरामद हुईं। जांच में सामने आया कि सोने को बाद में एयरपोर्ट के कर्मचारियों द्वारा बाहर निकाला जाना था। मामले में तीन यात्रियों को गिरफ्तार किया गया।

ट्रेन में महिला यात्री के पास मिली 5 किलो सोने की ईंटें
23 जुलाई को उत्तर प्रदेश में डीआरआई ने ब्रह्मपुत्र मेल से यात्रा कर रही एक महिला यात्री को रोका। उसके कमर की बेल्ट और हैंडबैग में छिपाकर रखी गई लगभग 5 किलोग्राम वजन की 42 विदेशी मूल की सोने की ईंटें बरामद की गईं। पूछताछ में महिला ने बताया कि सोना बांग्लादेश के रास्ते भारत लाया गया था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

विमान के टॉयलेट में मोम के रूप में छिपाई गई थी सोने की धूल : 22-23 जुलाई को मुंबई एयरपोर्ट पर हुई एक अन्य कार्रवाई में डीआरआई ने ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया, जो सोने की धूल को मोम के रूप में छिपाकर विमान के टॉयलेट में रखता था। बाद में मिलीभगत करने वाले सफाई कर्मचारियों द्वारा इसे बाहर निकाला जाता था। इस कार्रवाई में 3.7 किलोग्राम सोने की धूल जब्त की गई और वाहक, सफाई कर्मचारी, हैंडलर तथा प्राप्तकर्ता समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया।

कोलकाता में बर्तनों के अंदर छिपा था 4.6 किलो सोना
19-20 जुलाई को कोलकाता रेलवे स्टेशन पर डीआरआई अधिकारियों ने एक यात्री को रोका। तलाशी के दौरान विशेष रूप से तैयार किए गए बर्तनों के अंदर छिपाकर रखा गया 4.6 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना बरामद हुआ। जांच में पता चला कि यह सोना म्यांमार के रास्ते भारत में लाया गया था। यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया।

कोचीन और गुवाहाटी में भी कार्रवाई
डीआरआई ने कोचीन और गुवाहाटी में भी दो अलग-अलग अभियानों में करीब 2 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना जब्त किया। कोचीन एयरपोर्ट पर दुबई से आए एक यात्री के शरीर के अंदर छिपाया गया सोना बरामद हुआ, जबकि गुवाहाटी में एक कार में बनाई गई विशेष गुप्त गुहा से सोने के बिस्कुट बरामद किए गए। इन दोनों मामलों में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter