पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में सीधी के 1500 तालाब और नरसिंहपुर के अमृत सरोवरों का किया उल्लेख : सीएम मोहन यादव ने ओरछा में स्थानीयजनों के साथ सुना ‘मन की बात’

भोपाल । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को प्रसारित ‘मन की बात’ कार्यक्रम में मध्यप्रदेश में जल संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए प्रदेश के सीधी और नरसिंहपुर जिलों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने ‘कैच द रेन’ अभियान की चर्चा के दौरान सीधी जिले में बनाए गए करीब 1500 तालाबों और नरसिंहपुर में अमृत सरोवरों के संरक्षण एवं विकास का विशेष उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बारिश की हर बूंद को सहेजना समय की जरूरत है और इसके लिए जल संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देना होगा। उन्होंने देशवासियों से अपने आसपास मौजूद तालाबों, कुओं और बावड़ियों की जिम्मेदारी लेने तथा पानी की हर बूंद को बचाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि आज बचाई गई पानी की हर बूंद आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है।

‘जहां जब बारिश गिरे, पानी को वहीं सहेजिए’ : प्रधानमंत्री ने ‘कैच द रेन’ अभियान के संदेश को रेखांकित करते हुए कहा कि जहां और जब बारिश गिरे, पानी को वहीं सहेजने का प्रयास होना चाहिए। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई से देशभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत वर्षा जल संचयन, भूजल रिचार्ज, पुराने जल स्रोतों के पुनर्जीवन और वृक्षारोपण को गति दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि गांवों से लेकर शहरों तक, पंचायतों और सामाजिक संस्थाओं की ओर से इस अभियान में उत्साहपूर्वक भागीदारी की जा रही है। कई स्थानों पर पुराने तालाबों से गाद निकालने, कुओं और बावड़ियों को पुनर्जीवित करने तथा बंद पड़े बोरवेल को भूजल रिचार्ज के माध्यम के रूप में उपयोग करने का कार्य किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में जल संरक्षण के लिए किए गए कार्यों के उत्साहजनक परिणामों का भी उल्लेख किया।

ओरछा में सीएम मोहन यादव ने स्थानीयजनों के साथ सुनी ‘मन की बात’ : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवाड़ी जिले की पर्यटन एवं धार्मिक नगरी ओरछा स्थित कंचना घाट पर स्थानीयजनों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना। इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री तथा निवाड़ी जिले के प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह सहित जनप्रतिनिधि और स्थानीयजन मौजूद रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter