दतिया | मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध आध्यात्मिक तीर्थ पण्डोखर सरकार धाम में बुधवार, 29 जुलाई 2026 को श्रीगुरुपूर्णिमा महोत्सव एवं मंत्र दीक्षा समारोह आयोजित होगा। यह कार्यक्रम गृहस्थ संत गुरुशरण महाराज के सानिध्य में संपन्न होगा। समारोह में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और शिष्यों के शामिल होने की संभावना है।
गुरु पूर्णिमा पर होगा गुरुपूजन और मंत्र दीक्षा : पण्डोखर धाम के संस्थापक मुकेश कुमार गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति में गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण और कृतज्ञता का महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर पूर्व से दीक्षित शिष्य अपने सद्गुरुदेव का विधिवत गुरुपूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

वहीं, गुरु दीक्षा लेने के इच्छुक श्रद्धालुओं को गुरुशरण महाराज द्वारा गुरु परंपरा के अनुसार कानमंत्र दीक्षा प्रदान की जाएगी। दीक्षा प्राप्त करने वाले श्रद्धालु गुरु-शिष्य परंपरा के आध्यात्मिक संस्कारों से जुड़ेंगे।
नए श्रद्धालु सुबह 8 बजे करा सकेंगे पंजीयन : आयोजन समिति के अनुसार, जिन श्रद्धालुओं का पूर्व में दीक्षा के लिए पंजीयन हो चुका है, वे प्रातःकाल से व्रत एवं उपवास रखकर कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं, जिन श्रद्धालुओं ने अभी तक दीक्षा के लिए पंजीयन नहीं कराया है, वे प्रातः 8 बजे से पण्डोखर धाम कार्यालय में अपना नामांकन करा सकेंगे।
सुबह 10 बजे से शुरू होगा अभिषेक पूजन : निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 10 बजे से अभिषेक पूजन प्रारंभ होगा। इसके बाद पूर्व से दीक्षित शिष्य विधिवत गुरुपूजन करेंगे। इसके पश्चात नवीन श्रद्धालुओं को गुरु परंपरा के अनुसार मंत्र दीक्षा प्रदान की जाएगी।
मंत्र दीक्षा के बाद सभी नवदीक्षित शिष्य अपने गुरुमंत्र के साथ वैदिक विधि-विधान से हवन एवं आध्यात्मिक अनुष्ठान संपन्न करेंगे। आयोजन की यह प्रक्रिया दोपहर से लेकर देर रात्रि तक निरंतर चलने की जानकारी दी गई है।
श्रद्धालुओं के लिए अखंड भंडारा और व्यापक व्यवस्थाएं : गुरुपूर्णिमा महोत्सव में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए दोपहर से देर रात्रि तक भंडारा प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवास, पेयजल, चिकित्सा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
देश-विदेश के श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील : पण्डोखर धाम परिवार ने देश-विदेश में निवासरत सभी श्रद्धालुओं, भक्तों और शिष्यों से श्रीगुरुपूर्णिमा महोत्सव में सहभागी बनने की अपील की है। धाम परिवार ने श्रद्धालुओं से सद्गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त करने और भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा के इस आध्यात्मिक उत्सव का साक्षी बनने का आग्रह किया है।

