पण्डोखर सरकार धाम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव सम्पन्न : बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ली मंत्र दीक्षा, भंडारे में लोगों ने ग्रहण की प्रसादी

दतिया | पण्डोखर सरकार धाम में बुधवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित गुरुपूर्णिमा महोत्सव एवं मंत्र दीक्षा समारोह श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के बीच सम्पन्न हुआ। पण्डोखर धाम के पीठाधीश्वर त्रिकालदर्शी गृहस्थ संत गुरुशरण महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु, शिष्य पहुंचे। 

सुबह से ही धाम में जुटने लगे श्रद्धालु : गुरु पूर्णिमा महोत्सव को लेकर पण्डोखर सरकार धाम में एक दिन पहले से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। बुधवार सुबह होते ही धाम परिसर में भक्तों की भीड़ बढ़ने लगी और देर शाम तक दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी रहा। पूरे दिन धाम परिसर में भजन-कीर्तन, जय गुरुदेव के जयघोष और वैदिक मंत्रोच्चार से आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।

गुरु पूजन और विशेष अनुष्ठान हुए : पण्डोखर धाम ट्रस्ट के संस्थापक एवं  गुरुशरण  महाराज के शिष्य मुकेश कुमार गुप्ता ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर  गुरुशरण  महाराज ने सबसे पहले अपने गुरुधाम बरहा पहुंचकर श्री हाथीवान जी महाराज का विशेष पूजन-अर्चन किया। इसके बाद पण्डोखर सरकार धाम पहुंचकर धाम परिसर में स्थित विभिन्न मंदिरों में अभिषेक, पूजन और विशेष आरती की गई।

इसके बाद गुरु पूर्णिमा महोत्सव के तहत गुरुपूजन और मंत्र दीक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य आचार्य पंडित उमाशंकर शास्त्री के निर्देशन में विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, पूजन और हवन संपन्न कराया।

श्रद्धालुओं को मिली मंत्र दीक्षा : गुरु पूर्णिमा के अवसर पर लंबे समय से मंत्र दीक्षा की प्रतीक्षा कर रहे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को  गुरुशरण  महाराज के श्रीमुख से कानमंत्र दीक्षा प्राप्त करने का अवसर मिला। दीक्षा लेने वाले श्रद्धालुओं ने वैदिक परंपरा के अनुसार गुरुमंत्र का जाप किया और हवन में आहुतियां अर्पित कीं। मंत्र दीक्षा के बाद श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आध्यात्मिक भाव देखने को मिला।

जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भी की सहभागिता : आयोजन में विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के अलावा सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारी भी पण्डोखर धाम पहुंचे। उन्होंने श्री गुरुशरण जी महाराज का पूजन कर आशीर्वाद लिया। इसके साथ ही देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे ट्रस्टियों, शिष्यों और भक्तों ने भी गुरु पूजन में सहभागिता की।

देर रात तक चलता रहा धार्मिक कार्यक्रम : पण्डोखर धाम में गुरुपूजन और मंत्र दीक्षा का क्रम देर रात तक जारी रहा। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के चलते पूरे धाम में धार्मिक उत्सव जैसा माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्थाओं को संभालने में पण्डोखर धाम परिवार एवं सेवकों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।

भंडारा में  श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद : गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर धाम परिसर में भंडारा महाप्रसादी का भी आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, शिष्यों और क्षेत्रवासियों ने शामिल होकर प्रसादी ग्रहण की। दिनभर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा और आयोजन में सेवा कार्यों से जुड़े लोगों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया।

इस आयोजन में भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं पण्डोखर सरपंच रामजी शर्मा, धाम ट्रस्ट के संस्थापक मुकेश कुमार गुप्ता, आचार्य पंडित उमाशंकर शास्त्री सहित कई गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter