दतिया में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन : जीत के बाद निकला भव्य विजय जुलूस, जीतू पटवारी बोले— जनता का विश्वास हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी

दतिया | दतिया विधानसभा उपचुनाव में जीत दर्ज करने के बाद बुधवार को कांग्रेस ने शहर में भव्य विजय जुलूस निकालकर जनता का आभार व्यक्त किया। शहर के प्रमुख मार्गों से निकला यह जुलूस अंत में किला चौक पहुंचा, जहां आभार सभा का आयोजन किया गया। सभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, नवनिर्वाचित विधायक घनश्याम सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

शहर की सड़कों पर दिखा जीत का उत्साह : विजय जुलूस तिगैलिया, भैरव मंदिर, पीतांबरा चौराहा, गंज, राजगढ़ मार्ग और टाउन हॉल सहित शहर के विभिन्न मार्गों से होकर निकला। जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया, मिठाइयां बांटी गईं और आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया गया। जुलूस के दौरान नवनिर्वाचित विधायक घनश्याम सिंह ने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया। उनके साथ उनकी पुत्री मांडवी राजे भी मौजूद रहीं।

मंच पर उमड़ी भीड़, गिरते-गिरते बचे विधायक : किला चौक पर आयोजित आभार सभा के दौरान स्वागत कार्यक्रम में मंच पर अधिक भीड़ होने से हल्की अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान धक्का लगने से विधायक घनश्याम सिंह का संतुलन बिगड़ गया, हालांकि मंच पर मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें संभाल लिया और स्थिति सामान्य हो गई।

जीतू पटवारी बोले— जनता का भरोसा हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि दतिया की जनता ने कांग्रेस पर जो विश्वास जताया है, उसे पूरी ईमानदारी से निभाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल एक चुनावी सफलता नहीं, बल्कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लगातार जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस किसानों, युवाओं, व्यापारियों और आम लोगों के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।

उन्होंने यह भी बताया कि आगामी 11 अगस्त को प्रदेश कांग्रेस की बैठक में प्रदेशभर के विभिन्न मुद्दों और आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

उमंग सिंघार ने बीना उपचुनाव को लेकर दिया संकेत : नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दतिया की जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को देते हुए कहा कि कांग्रेस अब आगामी बीना विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों में भी पूरी ताकत के साथ जुटेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी आगामी चुनावों में भी मजबूत प्रदर्शन करेगी और संगठन पूरी एकजुटता के साथ मैदान में उतरेगा।

घनश्याम सिंह बोले— यह जीत दतिया की जनता और कार्यकर्ताओं की है : नवनिर्वाचित विधायक घनश्याम सिंह ने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि दतिया की जनता, कांग्रेस संगठन, इंडिया गठबंधन और प्रत्येक कार्यकर्ता के परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने चुनाव अभियान में सहयोग देने वाले प्रदेश नेतृत्व, स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें विधानसभा भेजा है, उस विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter