छिंदवाड़ा | मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए घोषणा की है कि अब प्रदेश के सभी अधिकारी प्रत्येक शुक्रवार को फील्ड में रहकर शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत का जायजा लेंगे। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना और सुशासन को मजबूत करना है।
हर शुक्रवार नहीं होगी बैठक, अधिकारी पहुंचेंगे जनता के बीच : छिंदवाड़ा के एफडीडीआई ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रत्येक शुक्रवार सरकारी कार्यालयों में बैठकों के बजाय अधिकारी गांवों और शहरों में पहुंचकर योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे। उन्होंने बताया कि ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ के तहत मैदानी स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। यह अभियान 7 जनवरी 2027 तक संचालित रहेगा।
सुशासन में अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका अहम : मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और सुशासन स्थापित करने में अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है और शेष पात्र अधिकारी-कर्मचारियों की पदोन्नति भी सितंबर-अक्टूबर तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
दो लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश में बड़े स्तर पर सरकारी भर्तियों का अभियान चल रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में एक लाख से अधिक पदों पर नियुक्तियां हो चुकी हैं, जबकि अब दो लाख नए पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में 18 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की जा रही है। वहीं, स्कूल शिक्षा विभाग में 10 हजार से अधिक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उच्च शिक्षा विभाग में 7 हजार से अधिक व्याख्याताओं की नियुक्ति की गई है, जबकि व्यावसायिक शिक्षा मंडल ने विभिन्न विभागों में 17 हजार नए पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है।
नवनियुक्त शिक्षकों को सौंपे नियुक्ति पत्र : कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आठ नव नियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए। साथ ही छिंदवाड़ा जिले के 1,281 अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिलने पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार कर्मचारियों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

