तेंदुए के शिकार-तस्करी गिरोह पर MP STF का बड़ा शिकंजा : 8वां शिकारी गिरफ्तार, बीहड़ में छिपाकर रखा तेंदुए का कंकाल बरामद

भोपाल | मध्यप्रदेश में तेंदुओं के अवैध शिकार और तस्करी के संगठित गिरोह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एमपी स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (STSF) को एक और बड़ी सफलता मिली है। टीम ने गिरोह के 8वें वांछित शिकारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर मुरैना के बीहड़ों में गाड़कर रखा गया तेंदुए का कंकाल बरामद किया गया है। इसके अलावा शिकार में इस्तेमाल किए गए फंदे और तेंदुए के अन्य अंग भी जांच के दौरान जब्त किए गए हैं।

आगरा में 10 तेंदुओं की खाल मिलने के बाद खुली गिरोह की परतें : मामले की शुरुआत 23 जुलाई 2026 को उत्तर प्रदेश के आगरा में तेंदुए की 10 खालों के साथ शिकारी-तस्करों की गिरफ्तारी से हुई थी। जांच में इस अंतरराज्यीय गिरोह के तार मध्यप्रदेश से जुड़े पाए गए।

इसके बाद एमपी एसटीएसएफ और स्थानीय वन अमले की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर बड़ी मात्रा में तेंदुए के अवयव बरामद किए गए। मामले में दो वन अपराध प्रकरण भी दर्ज किए गए।

पूछताछ में सामने आए नए सुराग, श्योपुर से मिले फंदे : गिरफ्तार आरोपियों को विशेष न्यायालय, शिवपुरी से फॉरेस्ट रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। इसी दौरान मिली जानकारी के आधार पर टीम ने श्योपुर जिले से तेंदुए के दो और अंग तथा शिकार में इस्तेमाल किए गए दो लेग होल्ड ट्रैप बरामद किए।

जांच आगे बढ़ने के साथ गिरोह में शामिल अन्य लोगों की जानकारी सामने आती गई और आठवें आरोपी तक एसटीएसएफ पहुंची।

मुरैना के बीहड़ों में गाड़कर रखा था तेंदुए का कंकाल : पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही के आधार पर एसटीएसएफ ने मन्नू नाथ के पुत्र, ग्राम हासई, जिला मुरैना निवासी आरोपी को गिरफ्तार किया। उसे विशेष न्यायालय से रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर मुरैना के बीहड़ों में कार्रवाई की गई, जहां जमीन में गाड़कर रखा गया वन्यजीव तेंदुए का कंकाल बरामद कर विधिवत जब्त किया गया।

10 तेंदुओं के शिकार से जुड़े 8 शिकारी गिरफ्तार : एमपी एसटीएसएफ के अनुसार, अभियान में अब तक 10 तेंदुओं के शिकार में शामिल 8 मुख्य शिकारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों की निशानदेही पर तेंदुए के कई अवयव, तीन शिकार फंदे और अन्य शिकार सामग्री जब्त की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों को विशेष न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया है। वहीं, मामले की विवेचना अभी जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter