गुना | फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चक चुरेला में हुई बड़ी चोरी का गुना पुलिस ने महज 6 दिनों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 1 करोड़ 48 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों और चोरी गई शेष संपत्ति की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
घर से तिजोरी और बाइक लेकर फरार हुए थे बदमाश : पुलिस के अनुसार, 2-3 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि चक चुरेला निवासी बाबूलाल मीना के घर में अज्ञात बदमाश घुसे थे। आरोपी घर से तिजोरी और मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए।
तिजोरी में करीब 2 से 2.5 किलो सोने के आभूषण, 3 किलो चांदी के जेवर और 11.50 लाख रुपये नकद रखे हुए थे। घटना के बाद फतेहगढ़ थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने विशेष जांच शुरू की।
CCTV नहीं था, फिर भी तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस : घटनास्थल पर CCTV कैमरे उपलब्ध नहीं होने के बावजूद पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया। फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों, डॉग स्क्वाड, तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और फील्ड ऑपरेशन की मदद से संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई।
पुलिस ने तकनीकी इनपुट और पूछताछ के आधार पर मध्यप्रदेश और राजस्थान के अलग-अलग जिलों में लगातार कार्रवाई की। इसी अभियान के दौरान 8 अगस्त को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में सामने आई वारदात की कड़ी : पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 48 लाख रुपये बताई गई है। हालांकि, चोरी गई पूरी संपत्ति की बरामदगी अभी बाकी है और पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

