दतिया | कोतवाली थाना क्षेत्र के चूनगर फाटक इलाके में देर रात विवाद के बाद मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। वार्ड-3 के पार्षद कोमल सिंह अहिरवार ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने पहले उनके घर में घुसकर मारपीट की और जब वे घटना की शिकायत करने थाने जा रहे थे, तब रास्ते में उनकी कार को रोककर दोबारा विवाद किया गया। मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डंडा लेकर घर पहुंचने का आरोप : शिकायत के मुताबिक, 13 अगस्त की रात करीब साढ़े 12 बजे पार्षद अपने परिवार के साथ घर पर थे। इसी दौरान अजय वाल्मीकि डंडा लेकर वहां पहुंचा और गेट खुलवाकर विवाद करने लगा। आरोप है कि बातचीत के दौरान उसने पार्षद की कोहनी के पास डंडे से वार किया।
इसके बाद लखन वाल्मीकि और सुमित वाल्मीकि पर पार्षद को जमीन पर गिराकर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। इसी दौरान छोटू वाल्मीकि और अतुल वाल्मीकि भी मौके पर पहुंच गए। शिकायत में पांचों लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।
बेटे ने बीच-बचाव किया तो उसे भी चोट : पार्षद के बेटे तरुण ने जब विवाद शांत कराने की कोशिश की तो उसके साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। शिकायत के अनुसार, तरुण की आंख के पास घूंसा मारा गया, जिससे उसे चोट आई। परिवार और परिचितों के बीच-बचाव के बाद मामला उस समय शांत हुआ।
थाने जाते समय कार को रोकने का आरोप : घर की घटना के बाद पार्षद अपने बेटे और अन्य परिजनों के साथ कार से कोतवाली थाने शिकायत करने के लिए निकले। आरोप है कि चूनगर फाटक स्थित भैरव मंदिर के पास उनकी कार को अजय, लखन और सुमित ने रोक लिया।
शिकायत के अनुसार, कुछ देर बाद दो अन्य आरोपी भी वहां पहुंच गए। इसके बाद कार में तोड़फोड़ की गई। आरोप है कि डंडे से कार के सामने के कांच पर वार किया गया और ईंट-पत्थर से भी वाहन के शीशे क्षतिग्रस्त किए गए।
दूसरे वाहन को भी नुकसान पहुंचाने का आरोप : पार्षद ने पुलिस को दी शिकायत में यह भी बताया कि मौके के पास खड़े उनके भाई के लोडिंग वाहन को भी पत्थर मारकर क्षतिग्रस्त किया गया। इसके साथ ही दोबारा थाने जाने पर धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
पुलिस ने पांच लोगों पर दर्ज किया मामला : पार्षद की शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अजय वाल्मीकि, लखन वाल्मीकि, सुमित वाल्मीकि, छोटू वाल्मीकि और अतुल वाल्मीकि के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एएसपी मंजीत सिंह चावला के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

