MP Board 2027 : हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षाओं का टाइम-टेबल जारी, फरवरी से शुरू होंगी परीक्षाएं

भोपाल | माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश ने वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली हाईस्कूल, हायर सेकेंडरी मुख्य एवं द्वितीय परीक्षाओं सहित विद्यालय पूर्व शिक्षा में डिप्लोमा (डीपीएसई) प्रशिक्षण संस्थानों की परीक्षाओं का टाइम-टेबल जारी कर दिया है। मंडल ने गुरुवार को परीक्षा कार्यक्रम जारी करते हुए सभी संबंधित विद्यालयों और परीक्षा संस्थानों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए हैं।

मंडल के अनुसार सभी परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थी परीक्षा कार्यक्रम मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकेंगे।

कब से शुरू होंगी MP Board की परीक्षाएं? : हाईस्कूल मुख्य परीक्षा 24 फरवरी 2027 से शुरू होकर 18 मार्च 2027 तक चलेगी। वहीं हायर सेकेंडरी मुख्य परीक्षा 17 फरवरी 2027 से शुरू होगी और 19 मार्च 2027 तक आयोजित की जाएगी।

द्वितीय परीक्षाओं की बात करें तो हाईस्कूल द्वितीय परीक्षा 15 जून से 30 जून 2027 तक और हायर सेकेंडरी द्वितीय परीक्षा 11 जून से 30 जून 2027 तक आयोजित होगी।

डीपीएसई परीक्षाओं का कार्यक्रम : विद्यालय पूर्व शिक्षा में डिप्लोमा (डीपीएसई) की प्रथम वर्ष की मुख्य परीक्षा 17 फरवरी से 25 फरवरी 2027 तक आयोजित होगी। वहीं द्वितीय वर्ष की परीक्षा 18 फरवरी से 26 फरवरी 2027 तक चलेगी।

नियमित और स्वाध्यायी विद्यार्थियों की परीक्षा एक साथ : माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव बुद्धेश कुमार वैद्य ने बताया कि नियमित, स्वाध्यायी तथा दृष्टिहीन, मूक-बधिर एवं अन्य दिव्यांग परीक्षार्थियों की परीक्षाएं समान तिथि, दिवस और समय पर आयोजित की जाएंगी।

मंडल ने सभी विद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा कार्यक्रम को शाला के बाहर नोटिस बोर्ड पर ऐसे स्थान पर लगाया जाए, जहां विद्यार्थी और उनके अभिभावक इसे आसानी से देख सकें।

सुबह 8 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना जरूरी : मंडल ने परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र पर पहुंचने को लेकर भी स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। विद्यार्थियों को सुबह 8 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। वहीं सुबह 8:45 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

फरवरी में होंगी प्रायोगिक परीक्षाएं : परीक्षार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाएं उन्हें आवंटित परीक्षा केंद्रों पर 1 फरवरी 2027 से 19 फरवरी 2027 के बीच आयोजित की जाएंगी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter