स्वतंत्रता दिवस पर 1057 पुलिसकर्मियों समेत सुरक्षा बलों के जवानों को वीरता और सेवा पदक : 92 को राष्ट्रपति पदक और 664 को सराहनीय सेवा पदक

नई दिल्ली | स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर पुलिस, अग्निशमन, होम गार्ड, नागरिक सुरक्षा और सुधारात्मक सेवाओं से जुड़े कुल 1,057 कर्मियों को वीरता एवं सेवा पदकों से सम्मानित किया गया है। गृह मंत्रालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इन पदकों में वीरता, विशिष्ट सेवा और सराहनीय सेवा के लिए दिए जाने वाले सम्मान शामिल हैं।

301 कर्मियों को वीरता पदक  : इस वर्ष कुल 301 वीरता पदक प्रदान किए गए हैं। इनमें 272 पुलिसकर्मी और 29 अग्निशमन कर्मी शामिल हैं। इन सम्मानित कर्मियों ने जीवन एवं संपत्ति की रक्षा, अपराध की रोकथाम और अपराधियों को पकड़ने जैसे कार्यों में उल्लेखनीय साहस का प्रदर्शन किया।

वीरता पदकों में सबसे अधिक 197 सम्मान वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में साहसिक कार्य करने वाले कर्मियों को दिए गए हैं। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के 51, पूर्वोत्तर क्षेत्र के 12 और अन्य क्षेत्रों के 41 कर्मियों को भी वीरता पदक प्रदान किए गए हैं।

92 कर्मियों को राष्ट्रपति पदक : विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक (PSM) कुल 92 कर्मियों को प्रदान किए गए हैं। इनमें पुलिस सेवा के 83, अग्निशमन सेवा के 4, नागरिक सुरक्षा एवं होम गार्ड सेवा के 3 तथा सुधारात्मक सेवा के 2 कर्मी शामिल हैं।

यह पदक उन कर्मियों को दिया जाता है जिनका सेवा रिकॉर्ड उत्कृष्ट रहा है और जिन्होंने अपने कार्यकाल में विशिष्ट सेवा प्रदान की है।

664 कर्मियों को सराहनीय सेवा पदक : वहीं, 664 कर्मियों को सराहनीय सेवा पदक (MSM) से सम्मानित किया गया है। इनमें पुलिस सेवा के 606, अग्निशमन सेवा के 28, नागरिक सुरक्षा एवं होम गार्ड सेवा के 18 तथा सुधारात्मक सेवा के 12 कर्मी शामिल हैं।

यह सम्मान कर्तव्य के प्रति समर्पण और सूझबूझ के साथ महत्वपूर्ण सेवा देने वाले कर्मियों को प्रदान किया जाता है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter