दतिया | स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के दौरान स्कूल की छत पर तिरंगा लगाने के समय करंट की चपेट में आने से छात्र की मौत के बाद शनिवार को परिजनों का आक्रोश सामने आया। 16 वर्षीय राज कुशवाह की मौत से नाराज परिजनों ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर NH-44 स्थित न्यू कलेक्ट्रेट के सामने जाम लगा दिया। परिजनों ने स्कूल संचालक के खिलाफ एफआईआर, गिरफ्तारी और स्कूल भवन पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग रखी।
छुट्टी के बाद छात्र को स्कूल बुलाने का आरोप : परिजनों के मुताबिक शुक्रवार को स्कूल में छुट्टी होने के बाद राज अपने घर चला गया था। आरोप है कि इसके बाद उसे दोबारा स्कूल बुलाया गया और स्वतंत्रता दिवस की तैयारी के लिए छत पर तिरंगा लगाने भेजा गया।
छात्र लोहे के पाइप की मदद से झंडा लगाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी हाईटेंशन लाइन के संपर्क में पाइप आने से वह करंट की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसे राज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
परिजनों का आरोप- हादसे की तत्काल सूचना नहीं दी : घटना के बाद परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हादसे की जानकारी उन्हें तत्काल नहीं दी गई। घटना से नाराज परिवार ने स्पष्ट किया कि उन्हें मुआवजे की मांग नहीं है, बल्कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई चाहिए।
परिजनों की मांग है कि स्कूल संचालक के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज हो, दोषियों की गिरफ्तारी की जाए और स्कूल भवन के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए।
शव का पोस्टमॉर्टम, स्कूल में नहीं हुआ स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम : शनिवार सुबह जिला अस्पताल में राज के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद स्कूल बंद रहा और वहां स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम भी आयोजित नहीं किया गया।
NH-44 पर जाम से यातायात प्रभावित : परिजनों और स्थानीय लोगों के विरोध के चलते न्यू कलेक्ट्रेट के सामने NH-44 पर यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की।
इसी दौरान सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह का काफिला भी जाम में फंस गया। मंत्री वाहन से उतरकर सीधे प्रदर्शन कर रहे परिजनों के बीच पहुंचे और उनकी मांगों को सुना।
मंत्री ने अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश : मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने परिजनों को आश्वासन देते हुए कहा कि मामले में एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोषियों की गिरफ्तारी और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही।
शिक्षा विभाग ने जांच के बाद कार्रवाई का दिया भरोसा : जिला शिक्षा अधिकारी विद्या मिश्रा ने घटना को गंभीर बताते हुए पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि स्कूलों को विद्यार्थियों से इस तरह का कोई कार्य नहीं कराने के निर्देश दिए जाएंगे, जिससे उनकी सुरक्षा प्रभावित हो। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल : छात्र की मौत के बाद स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि छात्र को छत पर किस परिस्थिति में भेजा गया था और हाईटेंशन लाइन के आसपास सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन किया गया था या नहीं।

