दतिया | जिगना थाना क्षेत्र के हथलई गांव में तालाब में मछली पकड़ने को लेकर बुधवार रात दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान मारपीट और फायरिंग की घटना सामने आई है। आरोप है कि एक युवक पर लाइसेंसी बंदूक से गोली चलाई गई, जबकि दूसरे युवक पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया। घटना में दोनों घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
मछली पकड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद : बताया जा रहा है कि बुधवार रात करीब 8 बजे छोटेलाल केवट और कामता केवट गांव के तालाब में मछली पकड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान तालाब में मछली पकड़ने का ठेका लेने वाले बल्लू केवट ने उन्हें रोक दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई और मामला कुछ ही देर में विवाद में बदल गया।
मारपीट के बाद हुई फायरिंग : आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सालिकराम केवट उर्फ बल्लू, दया शंकर केवट और अशोक पाल ने छोटेलाल व कामता के साथ मारपीट की। इसी दौरान कामता पर कुल्हाड़ी से वार किए जाने की बात सामने आई है। वहीं छोटेलाल को निशाना बनाकर 13 बोर की लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग किए जाने का आरोप है।
फायरिंग में निकले छर्रे छोटेलाल के पैर में लगे, जिससे वह घायल हो गया। कामता को भी हमले में चोटें आई हैं। घटना के बाद दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
तीन आरोपियों पर केस, जांच जारी : घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। बड़ौनी एसडीओपी विनायक शुक्ला के मुताबिक, शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। साथ ही फायरिंग में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी बंदूक और विवाद के पीछे के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।

