सिलीगुड़ी में अमित शाह का बड़ा संदेश : SSB के लिए 189 करोड़ की परियोजनाओं की शुरुआत, बोले- ‘सिलीगुड़ी कॉरिडोर की सुरक्षा राष्ट्र की सुरक्षा से जुड़ी’

सिलीगुड़ी | केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में सशस्त्र सीमा बल (SSB) की कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने SSB जवानों से संवाद करते हुए सीमा सुरक्षा, सिलीगुड़ी कॉरिडोर और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सरकार की प्राथमिकताएं सामने रखीं।

कार्यक्रम के दौरान SSB की प्रशासनिक और आवासीय सुविधाओं को मजबूत करने के लिए करीब 189 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की शुरुआत की गई। इनमें सिलीगुड़ी स्थित सीमांत मुख्यालय के प्रशासनिक भवन के साथ ठाकुरगंज और किशनगंज की वाहिनी तथा न्यू जलपाईगुड़ी में पारगमन शिविर से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।

सिलीगुड़ी कॉरिडोर को बताया रणनीतिक रूप से अहम : अमित शाह ने कहा कि सिलीगुड़ी कॉरिडोर देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यह गलियारा आठ राज्यों को जोड़ता है और इसके आसपास नेपाल, भूटान तथा बांग्लादेश की सीमाएं हैं। ऐसे में इसकी सुरक्षा सीधे देश की सुरक्षा से जुड़ी हुई है।

उन्होंने कहा कि सरकार इस क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के साथ-साथ बुनियादी ढांचे और संपर्क सुविधाओं को भी विकसित कर रही है।

SSB की जिम्मेदारी को बताया चुनौतीपूर्ण : गृह मंत्री ने कहा कि ‘वन बॉर्डर, वन फोर्स’ व्यवस्था के तहत SSB को नेपाल और भूटान से लगी लंबी और खुली सीमाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने जवानों की कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी और दोनों पड़ोसी देशों के साथ बेहतर संबंध बनाए रखने में उनकी भूमिका की सराहना की।

बंगाल में सीमा सुरक्षा को लेकर सरकार का जोर : अमित शाह ने कहा कि घुसपैठ रोकना और सीमावर्ती क्षेत्रों को सुरक्षित बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने सीमा पर फेंसिंग को सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से BSF और SSB के लिए भूमि उपलब्ध कराने की बात कही।

उन्होंने बताया कि सरकार सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा के साथ-साथ सड़क, रेलवे और गांवों के विकास पर भी जोर दे रही है। सिलीगुड़ी और जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशनों के विकास तथा वाइब्रेंट विलेजेज कार्यक्रम का भी उन्होंने उल्लेख किया।

दिल्ली-सिलीगुड़ी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर का भी जिक्र : अमित शाह ने कहा कि 2026-27 के बजट में स्वीकृत सात हाई स्पीड रेल कॉरिडोर में दिल्ली-सिलीगुड़ी कॉरिडोर भी शामिल है। उन्होंने इसे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter