दतिया (उनाव)। उनाव थाना क्षेत्र अंतर्गत रविवार सुबह एक युवक द्वारा फांसी लगाकर जान देने का दुखद मामला सामने आया है। मृतक की पहचान उनाव कस्बा निवासी नरेश कुशवाहा (28 वर्ष), पुत्र सीताराम कुशवाहा के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खोलकर शव को नीचे उतारा।
घर में अंदर से बंद था कमरा : जानकारी के अनुसार, नरेश ट्रैक्टर चलाने के साथ-साथ मजदूरी का कार्य करता था। रविवार सुबह करीब 7 बजे जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकला, तो परिजनों ने देखा कि कमरा भीतर से बंद था। खिड़की से देखने पर नरेश फंदे से लटका नजर आया। सूचना मिलने पर उनाव थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भिजवाया। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
पारिवारिक तनाव की बात आई सामने : परिजनों का कहना है कि मृतक की पत्नी पिछले करीब एक महीने से दतिया स्थित अपने मायके में रह रही थी। पत्नी के लगातार मायके में रहने और वापस न लौटने के कारण नरेश काफी समय से मानसिक तनाव व परेशानी के दौर से गुजर रहा था। परिजनों का अंदेशा है कि इसी अवसाद के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
पुलिस ने शुरू की मर्ग जांच : उनाव थाना प्रभारी अंशुल अरोरा के अनुसार, प्राथमिक तौर पर मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।

