दतिया। अवैध जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत सिविल लाइन थाना पुलिस ने उनाव रोड स्थित गाड़ी घाट हनुमान मंदिर के समीप चल रहे जुआ फड़ पर दबिश दी। पुलिस ने ताश के पत्तों पर हार-जीत की बाजी लगा रहे 9 जुआरियों को रंगे हाथों दबोच लिया। मौके से 2 लाख 10 हजार 200 रुपये की नकदी और ताश की गड्डी बरामद की गई है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा : सिविल लाइन थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गाड़ी घाट मंदिर के पास खुले मैदान में भारी रकम का दांव लगाकर जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस बल ने रणनीति बनाकर मौके पर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे आरोपियों को चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया। फड़ पर बिखरी 2,10,200 रुपये की नकदी और 52 ताश के पत्ते जब्त कर लिए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची : पुलिस ने मौके से विक्रम दांगी, राहुल शर्मा, बृजेंद्र सिंह कमरिया, अर्जुन सिंह परमार, गौरव मिश्रा, रवि कुमार कुशवाह, नीरज कुशवाह और सुरेंद्र सिंह यादव सहित कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया। सभी के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
अपराधियों में खौफ पैदा करने निकाला पैदल जुलूस : कानून व्यवस्था बनाए रखने और असमाजिक तत्वों में सख्त संदेश देने के उद्देश्य से पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों का बस स्टैंड क्षेत्र में पैदल जुलूस निकाला। पुलिस का कहना है कि शहर में किसी भी तरह के अवैध कारोबार या सट्टेबाजी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जहरीली शराब मामले में आरोपी बृजेंद्र कमरिया जेल दाखिल : गिरफ्तार आरोपियों में शामिल बृजेंद्र सिंह कमरिया के खिलाफ पूर्व में अवैध व जहरीली शराब रखने के मामले में भी सख्त कानूनी कार्रवाई की गई। जहरीली शराब बरामदगी के प्रकरण में आरोपी का अलग से जुलूस निकाला गया और न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

