दतिया। रतन विहार वाटिका में समाजसेवी अभय गुप्ता के संयोजन में ‘बुंदेलखंड गौरव सम्मान समारोह एवं छात्र संवाद’ कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े (IAS) रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में एसडीओपी आकांक्षा जैन, समाजसेवी अमित अग्रवाल, शासकीय महाविद्यालय के प्राचार्य निलय गोस्वामी, पीके यूनिवर्सिटी के प्राचार्य विवेक गुप्ता तथा प्रसिद्ध कवि प्रमोद सेठ भारती (करैरा) उपस्थित रहे। अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आयोजन समिति ने अतिथियों का स्वागत हरित संदेश के रूप में पौधे भेंट कर किया।

मेधावी विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और डिजिटल क्रिएटर्स को मिला सम्मान : क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अंचल के मेधावी छात्र-छात्राओं को कलेक्टर व अन्य अतिथियों द्वारा शील्ड, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर जिले का नाम रोशन करने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों और स्थानीय डिजिटल क्रिएटर्स व यूट्यूबरों को भी मंच से विशेष रूप से नवाजा गया।
सकारात्मक जोश के साथ सामाजिक कार्यों से भी जुड़ें युवा : समाजसेवी अमित अग्रवाल
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित समाजसेवी अमित अग्रवाल ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही समृद्ध समाज की आधारशिला है। उन्होंने छात्रों से अकादमिक शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का आह्वान किया। आयोजन समिति ने क्षेत्र में जनकल्याणकारी कार्यों और समाजसेवा में निरंतर सक्रिय योगदान के लिए उनका विशेष अभिनंदन किया।
‘भटकाव और नकारात्मकता से दूर रहकर करें नियमित अध्ययन’ — कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े
छात्रों को संबोधित करते हुए कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता; सतत परिश्रम, एकाग्रता और दृढ़ संकल्प ही आपको लक्ष्य तक पहुंचाते हैं। उन्होंने युवाओं को नकारात्मक वातावरण और समय नष्ट करने वाली आदतों से दूर रहने की सीख दी। खुले संवाद सत्र (ओपन हाउस) में छात्र-छात्राओं ने करियर, उच्च शिक्षा और सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी को लेकर कलेक्टर से प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने बड़े ही आत्मीय और सरल ढंग से समाधान किया।
काव्यपाठ से गूंजा सभागार, गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति : कवि प्रमोद भारती ने अपनी कविताओं से युवाओं में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया। कार्यक्रम का संचालन नीरज जैन ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. प्रियंका गुप्ता ने किया।
समारोह में आयोजन समिति के सदस्य ग्यादीन रजक (जिलाध्यक्ष रजक समाज), प्रिया कटारे जैन, अमन नगरिया, पीयूष गुप्ता, रामू रावत, धर्मेंद्र कुमार मांझी, रमाशंकर योगी, ग्याप्रसाद पेंटर, नरोत्तम योगी, गणेश प्रजापति, अमित गौतम, कवि मंजू खरे, आलोक सोनी, मयंक गौतम, लव यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

