85 वर्षीय वृद्धा की संदिग्ध मौत : मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका , जिला अस्पताल में डॉक्टरों के पैनल से जांच कराने की रखी मांग !

दतिया (गोंदन)। गोंदन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुई में सोमवार देर रात 85 वर्षीय ज्ञानवती यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के भाई ने हत्या का संदेह व्यक्त करते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है। घटना के बाद शव परीक्षण को लेकर परिजनों और मायके पक्ष के बीच विवाद की स्थिति बन गई।

इंदरगढ़ स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार : मंगलवार सुबह पुलिस जब शव को पोस्टमार्टम के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इंदरगढ़ लेकर पहुंची, तो मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने वहां प्रक्रिया कराने का कड़ा विरोध किया। परिजनों ने स्थानीय स्तर पर निष्पक्ष जांच न होने की आशंका जताते हुए दतिया जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराने की मांग की। थाना प्रभारी और चिकित्सकों द्वारा समझाइश देने के बावजूद जब मायके पक्ष सहमत नहीं हुआ, तो पुलिस शव को लेकर जिला अस्पताल दतिया रवाना हो गई।

बेटे ने कहा— लंबे समय से अस्वस्थ थीं मां : दूसरी ओर, मृतका के पुत्र सुनील यादव का कहना है कि उनकी मां की तबीयत काफी समय से खराब चल रही थी और स्वाभाविक बीमारी के चलते ही उनका निधन हुआ है। उन्होंने कहा कि मायके पक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं, हालांकि निष्पक्षता के लिए वे भी जांच के पक्ष में हैं।

शॉर्ट पीएम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण : गोंदन थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। शव को जिला अस्पताल में पैनल पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही वृद्धा की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter