पीतांबरा पीठ पहुंचीं अभिनेत्री भूमि पेडणेकर : मां बगलामुखी के किए दर्शन , वनखंडेश्वर महादेव का किया जलाभिषेक

दतिया । प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेत्री भूमि पेडणेकर ने सिद्ध शक्तिपीठ श्री पीतांबरा पीठ पहुंचकर मां बगलामुखी देवी के दर्शन किए और विशेष पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। उनका यह दौरा बेहद गोपनीय रखा गया था। मंदिर परिसर में उपस्थिति के दौरान उन्होंने किसी प्रकार का प्रचार न करते हुए मीडिया कर्मियों और आम प्रशंसकों से पूरी तरह दूरी बनाए रखी।

जानकारी के अनुसार, भूमि पेडणेकर सुरक्षा और सादगी के साथ मंदिर परिसर में दाखिल हुईं। उन्होंने गर्भगृह के समक्ष बैठकर पीतांबरा पीठ के पुरोहितों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां बगलामुखी की पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने महाभारत कालीन प्राचीन श्री वनखंडेश्वर महादेव मंदिर में पहुंचकर भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक किया ।

गोपनीय रखा गया निजी आध्यात्मिक दौरा : अभिनेत्री का यह दौरा पूरी तरह निजी और आध्यात्मिक माना जा रहा है। मंदिर में दर्शन करने पहुंचे अन्य श्रद्धालुओं को जब उनकी मौजूदगी की जानकारी मिली, तो प्रशंसकों में उत्सुकता देखी गई, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के चलते किसी को पास जाने की अनुमति नहीं दी गई। भूमि पेडणेकर ने भी पूरी प्रक्रिया को बेहद शांत और एकांत बनाए रखा तथा पूजा संपन्न होते ही वे सीधे गंतव्य के लिए रवाना हो गईं।

उल्लेखनीय है कि दतिया का मां पीतांबरा पीठ देश के प्रमुख तांत्रिक और आध्यात्मिक स्थलों में शुमार है, जहां राजनेताओं, उद्योगपतियों और बॉलीवुड हस्तियों का शीश नवाने के लिए नियमित आगमन होता रहता है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter