सीहोर/भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीहोर जिले के बड़ियाखेड़ी में सीजी पॉवर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस की अत्याधुनिक पॉवर ट्रांसफॉर्मर मैन्यूफैक्चरिंग यूनिट का लोकार्पण किया और संयंत्र से तैयार पहले विशालकाय ट्रांसफॉर्मर को विधिवत रोल-आउट किया। लगभग 900 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित यह इकाई देश में अपनी तरह की सबसे बड़ी और आधुनिक ट्रांसफॉर्मर निर्माण फैक्ट्री है।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश ने देश और दुनिया के उद्योगपतियों का दिल और भरोसा जीता है। पारदर्शी नीतियों और उद्योग-हितैषी वातावरण के चलते आज नामी कंपनियों में मध्यप्रदेश में निवेश करने की स्वस्थ प्रतिस्पर्धा चल रही है।
‘5P’ बना मध्यप्रदेश की नई औद्योगिक पहचान : मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश अब पैशन (Passion), पोटेंशियल (Potential), पॉलिसी (Policy), परफॉर्मेंस (Performance) और प्रोडक्शन (Production) के ‘5P’ विजन के साथ औद्योगिक क्रांति की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि जहां निवेश आता है, वहीं रोजगार के द्वार खुलते हैं। सीहोर में अब डाई और टायर से लेकर विशालकाय ट्रांसफॉर्मर तक का निर्माण हो रहा है, जो यह दर्शाता है कि जिला एक बड़े इंडस्ट्रियल हब के रूप में उभर चुका है।
रिकॉर्ड 13 माह में निर्माण, दुनिया की सबसे बड़ी टेस्टिंग लैब शामिल : मुख्यमंत्री ने कंपनी प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि पिछले वर्ष अगस्त में हुए भूमि-पूजन के बाद मात्र 13 महीने के रिकॉर्ड समय में इस विशाल प्लांट को चालू कर दिया गया। यह संयंत्र देश के समूचे इलेक्ट्रिकल और पॉवर ट्रांसमिशन इकोसिस्टम को मजबूती देगा।
-
2 हजार को रोजगार: संयंत्र के पूर्ण संचालन से स्थानीय स्तर पर 2 हजार कुशल व अकुशल युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
-
विश्वस्तरीय टेस्टिंग लैब: संयंत्र में अंतरराष्ट्रीय मानकों वाली दुनिया की सबसे बड़ी ट्रांसफॉर्मर टेस्ट लैब स्थापित की गई है।
-
ग्रीन एनर्जी का उपयोग: यूनिट के कुल बिजली उपभोग का 36 प्रतिशत हिस्सा सौर ऊर्जा (सोलर पावर) से पूरा किया जाएगा।
भोपाल मेट्रोपॉलिटन रीजन से सीहोर को मिलेगी नई रफ्तार : डॉ. यादव ने कहा कि सीहोर अब भोपाल मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। बेहतर फोरलेन कनेक्टिविटी, रेल नेटवर्क और प्रस्तावित मेट्रो विस्तार से सीहोर का औद्योगिक व व्यावसायिक ढांचा राजधानी भोपाल के साथ समन्वित रूप से विकसित होगा। उन्होंने सीजी पॉवर को भविष्य में विस्तार के लिए अतिरिक्त भूमि व अन्य जरूरी प्रशासनिक सहयोग का भी भरोसा दिया।
मैन्यूफैक्चरिंग का जीडीपी में योगदान बढ़ाने का लक्ष्य : अमर कौल : सीजी पॉवर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस के सीईओ अमर कौल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप भारत में मैन्यूफैक्चरिंग का जीडीपी में हिस्सा 2035 तक 25 प्रतिशत पहुंचाने के लक्ष्य में यह संयंत्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने पूरी यूनिट का भ्रमण कर अत्याधुनिक मशीनों और निर्माण तकनीक का निरीक्षण किया।
समारोह में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, विधायक सुदेश राय, विधायक रमाकांत भार्गव सहित औद्योगिक जगत के प्रतिनिधि और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

