नई दिल्ली। मादक पदार्थों की अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय तस्करी के खिलाफ राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने देशव्यापी स्तर पर खुफिया अभियान तेज कर दिया है। डीआरआई ने पिछले 15 दिनों में सड़क, रेल और हवाई मार्गों पर आठ बड़े सुनियोजित ऑपरेशन चलाकर करीब 740 किलोग्राम गांजा, हाइड्रोपोनिक वीड और चरस जब्त की है। नार्कोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंसेस (NDPS) एक्ट, 1985 के तहत 13 तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा गया है। जब्त नशीले पदार्थों में 709.6 किलोग्राम पारंपरिक गांजा, 24.5 किलोग्राम उच्च श्रेणी का विदेशी हाइड्रोपोनिक गांजा और 5 किलोग्राम चरस शामिल है।
रायपुर में दो ट्रकों से 376 किलो गांजा बरामद, 4 दबोचे : ताजा कार्रवाई में 8 सितंबर 2026 को डीआरआई की टीम ने रायपुर के समीप ओल्ड धमतारी रोड पर विशाखापत्तनम से आ रहे दो ट्रकों को घेराबंदी कर रोका। लोडिंग एरिया में रखे 10 बोरों की जांच में 61 पैकेट बरामद किए गए, जिनमें 375.95 किलोग्राम गांजा भरा हुआ था। दोनों ट्रकों को जब्त कर चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इससे पहले 26 अगस्त को भी रायपुर के पास एक अन्य ट्रक से 124 किलोग्राम गांजा पकड़ा गया था।
पटना में फिल्मी अंदाज में पीछा: अधिकारियों पर हमला, गुप्त केबिन से 140.5 किलो बरामद : 5-6 सितंबर के दौरान औरंगाबाद-पटना हाईवे पर डीआरआई अधिकारियों ने एक संदिग्ध ट्रक का पीछा किया। पकड़े जाने के डर से तस्करों ने अधिकारियों की टीम पर हमला कर दिया, जिससे एक अधिकारी घायल हो गया। चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, लेकिन तलाशी के दौरान ट्रक के केबिन के पीछे बने विशेष गुप्त कैविटी बॉक्स से 90 पैकेटों में भरा 140.5 किलोग्राम गांजा बरामद कर ट्रक को सीज कर दिया गया।
शरीर पर बांधकर और वाहनों के फर्श में छिपाकर हो रही थी तस्करी:
-
ट्रेन से नेपाल कनेक्शन (गोरखपुर): 3 सितंबर को गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर अमरनाथ एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार तीन यात्रियों को पकड़ा गया। इनमें से दो महिलाओं ने अपनी जांघों पर घुटने के सपोर्टर के नीचे और साड़ियों के भीतर 5 किलोग्राम चरस छिपा रखी थी। प्राथमिक जांच में यह खेप नेपाल से तस्करी कर भारत लाई जाने की पुष्टि हुई।
-
वाहन के फर्श में गड्ढे (लुधियाना): 1-2 सितंबर को पंजाब के लुधियाना में पकड़े गए वाहन के फर्श में विशेष मॉडिफिकेशन कर बनाए गए गुप्त चैंबर से 69 किलोग्राम (67 पैकेट) गांजा बरामद कर दो आरोपियों को पकड़ा गया।
-
विदेशी हाइड्रोपोनिक गांजा (हैदराबाद व बेंगलुरु एयरपोर्ट): वियतनाम के हनोई और थाईलैंड के बैंकॉक से पहुंचे 3 अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रियों के सामान से करीब 24.6 किलोग्राम विदेशी प्रीमियम हाइड्रोपोनिक वीड जब्त कर तीनों को गिरफ्तार किया गया।
डीआरआई के अनुसार, तस्करों द्वारा सड़क, रेल और हवाई रास्तों पर अपनाए जाने वाले मॉडिफाइड सीक्रेट चैंबर और बॉडी-कंसीलमेंट जैसे जटिल तरीकों को अत्याधुनिक सर्विलांस और सटीक इनपुट के जरिए ध्वस्त किया जा रहा है।

