भोपाल। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय को नया मुख्य न्यायाधिपति मिल गया है। गुरुवार को राजधानी भोपाल स्थित लोकभवन के सांदीपनि सभागार में आयोजित एक भव्य एवं गरिमामय समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे को मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के 30वें मुख्य न्यायाधिपति पद की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के उपरांत राज्यपाल पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नवनियुक्त मुख्य न्यायाधिपति को पुष्पगुच्छ भेंट कर नवीन दायित्व की बधाई और शुभकामनाएं दीं। समारोह का औपचारिक प्रारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और समापन राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ के साथ हुआ, जिसमें राज्य की शीर्ष राजनीतिक, प्रशासनिक और न्यायिक हस्तियों ने सहभागिता की।
मुख्य सचिव ने किया राष्ट्रपति की अधिसूचना का वाचन : समारोह का औपचारिक संचालन प्रदेश के मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने किया। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे को मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधिपति नियुक्त किए जाने संबंधी जारी आधिकारिक अधिपत्र (वारंट ऑफ अपॉइंटमेंट) का वाचन किया। इसके तत्काल बाद राज्यपाल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
समारोह में जुटे शीर्ष जनप्रतिनिधि और तीन राज्यों के न्यायाधीश : शपथ ग्रहण समारोह में न्यायिक और प्रशासनिक जगत के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे:
-
मंत्रिमंडल और जनप्रतिनिधि: विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, उप मुख्यमंत्री द्वय जगदीश देवड़ा व राजेंद्र शुक्ल, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल, भोपाल महापौर मालती राय, पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी तथा स्थानीय सांसद व विधायक।
-
न्यायिक बिरादरी: मध्यप्रदेश, गुजरात और उत्तर प्रदेश उच्च न्यायालयों के कई वरिष्ठ न्यायमूर्तिगण, जिनमें न्यायमूर्ति जी.एस. अहलूवालिया, न्यायमूर्ति सुबोध अभ्यंकर, न्यायमूर्ति संदीप एन. भट्ट, न्यायमूर्ति विनय सराफ, न्यायमूर्ति रमेश फड़के, एमपी मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह और हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल धरमिंदर सिंह प्रमुख रूप से शामिल थे।
-
वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी: पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाना, एसीएस डॉ. शिवशेखर शुक्ला, एसीएस संजय शुक्ला, राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी सहित वरिष्ठ अधिवक्ता और विभिन्न आयोगों के पदाधिकारी।

