सेरसा में कच्ची शराब का बड़ा अड्डा ध्वस्त : 7 हजार लीटर गुड़ लहान नष्ट, 1400 लीटर शराब जब्त कर एक दबोचा, 13.58 लाख रुपए का माल बरामद !

दतिया। सागर जिले में जहरीली शराब कांड के बाद एक्शन मोड में आए प्रशासन ने दतिया में अवैध मदिरा माफिया के ठिकानों पर कड़ा प्रहार किया है। आबकारी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को उनाव थाना अंतर्गत सेरसा कंजर डेरा में बड़े पैमाने पर चल रही अवैध हाथभट्टी शराब निर्माण इकाई पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान जमीन और झाड़ियों में छिपाकर रखे गए 35 ड्रमों से करीब 7,000 लीटर गुड़ लहान बरामद कर मौके पर ही नष्ट कराया गया, साथ ही 1,400 लीटर तैयार कच्ची शराब जब्त करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

13.58 लाख रुपए का माल जब्त और नष्ट, दो प्रकरण दर्ज : आबकारी विभाग के अनुसार मौके से जब्त व नष्ट की गई अवैध शराब, कच्चा लहान और शराब बनाने के उपकरणों का कुल बाजार मूल्य करीब 13 लाख 58 हजार 700 रुपए आंका गया है। शराब बनाने के लिए उपयोग की जा रही भट्ठियों, टिन और पाइपों को भी टीम ने मौके पर ही तोड़कर नष्ट कर दिया। मामले में आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दो अलग-अलग आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।

संयुक्त टीम की घेराबंदी से माफिया में हड़कंप : यह सघन छापामार कार्रवाई आबकारी नियंत्रण कक्ष व दतिया-‘ब’ वृत्त प्रभारी अनिरुद्ध खानवलकर तथा एसडीओपी विनायक शुक्ला के संयुक्त नेतृत्व में की गई। मुखबिर से सटीक सूचना मिलने के बाद पुलिस और आबकारी बल ने सेरसा कंजर डेरा की चारों तरफ से घेराबंदी की, जिससे शराब तस्करों को माल हटाने का मौका नहीं मिला। पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपी से अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायरों के बारे में पूछताछ कर रही है।

जिलेभर में जारी रहेगा अवैध अड्डों पर एक्शन : प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीण व सीमावर्ती इलाकों में अवैध शराब के खिलाफ यह संयुक्त अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा। कच्ची शराब बनाने वाले डेरों, परिवहन मार्गों और अवैध बिक्री केंद्रों को चिन्हित कर लगातार दबिश दी जाएगी ताकि जिले में किसी भी तरह के अवैध या जहरीले शराब कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter