एशियन गेम्स में भारतीय एथलीट्स का परचम : भारत ने जीते 21 गोल्ड समेत 85 पदक; मध्य प्रदेश के जांबाज खिलाड़ियों ने झटके 5 स्वर्ण सहित 10 मेडल पदक !

भोपाल। जापान के आइची-नागोया में संपन्न हुए एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों ने अपने अदम्य साहस, असाधारण अनुशासन और स्वर्णिम प्रदर्शन से विश्व पटल पर भारत की बढ़ती खेल शक्ति का डंका बजा दिया है। भारतीय दल ने 21 स्वर्ण, 27 रजत और 37 कांस्य सहित कुल 85 पदक जीतकर अंक तालिका में शीर्ष 4 में अपनी जगह बनाई।

इस राष्ट्रीय गौरव में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने 5 गोल्ड, 4 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज सहित कुल 10 पदकों का ऐतिहासिक योगदान देकर राज्य का मान बढ़ाया है।

​मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने भारतीय दल और प्रदेश के खिलाड़ियों की इस स्वर्णिम सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और ‘खेलो इंडिया’ अभियान के चलते देश की खेल संस्कृति में क्रांतिकारी बदलाव आया है, जिसके सुखद परिणाम अंतरराष्ट्रीय पोडियम पर साफ नजर आ रहे हैं।

​एथलेटिक्स और शूटिंग में मेडल की बारिश; क्रिकेट, हॉकी और कबड्डी में दबदबा : प्रतियोगिता में भारतीय दल ने कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम किए:

  • ​एथलेटिक्स व शूटिंग का जलवा: भारत की झोली में सर्वाधिक 24 पदक एथलेटिक्स से आए, जबकि निशानेबाजी (शूटिंग) में 15 पदक मिले। तीरंदाजी (आर्चरी) में भारतीय धुरंधरों ने 5 बार पोडियम पर शीर्ष स्थान हासिल किया।
  • ​क्रिकेट में डबल गोल्ड: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल में श्रीलंका को हराकर स्वर्ण पदक जीता, वहीं पुरुष टीम ने फाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को धूल चटाकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
  • ​हॉकी और कबड्डी में बादशाहत: महिला और पुरुष दोनों टीमों ने कबड्डी और हॉकी में स्वर्णिम सफलता दोहराई। भारतीय महिला हॉकी टीम ने 44 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद एशियन गेम्स का खिताब जीतकर इतिहास रचा।
  • ​रेसलिंग व बॉक्सिंग: अमन सहरावत और सुजीत कलकल रेसलिंग चैंपियन बने। लवलीना बोरगोहेन ने बॉक्सिंग में स्वर्ण जीतकर मैरी कॉम के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाली दूसरी भारतीय महिला मुक्केबाज बनने का गौरव पाया।

​व्यक्तिगत स्पर्धाओं में टूटे दशकों पुराने रिकॉर्ड

  • ​गोल्फ व रिकर्व में पहला गोल्ड: प्रणवी उर्स गोल्फ में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं, वहीं 17 वर्षीय कुमकुम मोहोद ने व्यक्तिगत रिकर्व तीरंदाजी में देश को पहला गोल्ड दिलाया।
  • ​वेटलिफ्टिंग व मैराथन में पदक: मीराबाई चानू ने 49 किग्रा भारवर्ग में 1998 के बाद वेटलिफ्टिंग में पहला सिल्वर दिलाया। सावन बरवाल ने 1982 के बाद मैराथन में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए पदक जीता।
  • ​ऐतिहासिक कांस्य पदक: सुचिका तरियाल ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) में देश का पहला पदक (ब्रॉन्ज) जीता, जबकि बरानिका इलांगोवन ने पोल वॉल्ट में भारत को पहला पदक दिलाया। विथ्या रामराज ने 400 मीटर हर्डल में 42 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा।

​मध्य प्रदेश के सितारों की स्वर्णिम चमक: 10 पदकों में 5 गोल्ड शामिल

​मध्य प्रदेश राज्य खेल अकादमियों में तराशे गए एथलीट्स ने नागोया में अभूतपूर्व प्रदर्शन किया:

  • ​नीरू ढांडा की हैट्रिक: मध्य प्रदेश शूटिंग अकादमी की स्टार शूटर नीरू ढांडा ने विमेंस ट्रैप इंडिविजुअल (स्वर्ण), ट्रैप मिक्स्ड टीम (स्वर्ण) और विमेंस ट्रैप टीम (रजत) जीतकर 3 पदकों के साथ इतिहास रच दिया।
  • ​निशानेबाजी में रजत: मनीषा कीर ने विमेंस ट्रैप टीम स्पर्धा में सिल्वर, ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन मेंस टीम में सिल्वर और आशी चौकसे ने विमेंस टीम में सिल्वर पदक जीता।
  • ​हॉकी व क्रिकेट में चमके सितारे: भारतीय पुरुष हॉकी टीम के प्रमुख खिलाड़ी विवेक सागर और महिला हॉकी टीम की इशिका चौधरी ने गोल्ड मेडल हासिल किया। वहीं क्रांति गौड़ ने महिला क्रिकेट टीम स्पर्धा में स्वर्ण और जय मीणा ने सॉफ्ट टेनिस में कांस्य पदक जीता।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter