शहडोल में सीएम डॉ. मोहन यादव : 9.77 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को बांटे ₹22.89 करोड़, जिले को मिली ₹462 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

शहडोल/भोपाल। मध्य प्रदेश के जनजातीय अंचल और वनवासियों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार ने रविवार को बड़ा कदम उठाया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहडोल संभागीय मुख्यालय में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में तेंदूपत्ता संग्रहण वर्ष 2024 के 9 लाख 77 हजार 696 पात्र संग्राहकों के बैंक खातों में 22 करोड़ 89 लाख रुपये से अधिक की प्रोत्साहन पारिश्रमिक राशि (तेंदूपत्ता बोनस) का सिंगल क्लिक से अंतरण किया। इस विशाल सम्मेलन में शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सतना और सीधी जिलों की छह जिला वनोपज सहकारी यूनियनों से जुड़े हजारों वनवासी संग्राहक शामिल हुए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शहडोल संभाग के सर्वांगीण विकास के लिए 462 करोड़ रुपये की लागत वाली 134 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया, जिसमें 22.14 करोड़ रुपये से नवनिर्मित वन मंडलाधिकारी (DFO) कार्यालय भवन भी शामिल है।

हाथियों के हमले से प्रभावितों को पक्के घर और फेंसिंग, 4,000 नौकरियों वाली स्टील फैक्ट्री : समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अंचल के लिए कई बड़ी और जनहितैषी घोषणाएं कीं:

  • हाथियों के उत्पात से हुए नुकसान की भरपाई: वन क्षेत्रों में जंगली हाथियों द्वारा क्षतिग्रस्त किए गए कच्चे मकानों की जगह वन विभाग द्वारा प्रभावित ग्रामीणों को पक्के मकान बनाकर दिए जाएंगे। इसके साथ ही जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए खेतों के चारों तरफ फेंसिंग भी कराई जाएगी।

  • 4 हजार युवाओं को रोजगार: शहडोल में जल्द ही एक विशाल लौह अयस्क संयंत्र (स्टील फैक्ट्री) स्थापित किया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर 4,000 से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।

  • रेस्क्यू सेंटर और होमस्टे अनुदान: बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के समीप एक नया फॉरेस्ट ज़ू एवं वाइल्डलाइफ रेस्क्यू सेंटर बनाया जाएगा। स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होमस्टे बनाने वाले ग्रामीणों को सरकार 2 लाख रुपये की अतिरिक्त वित्तीय सहायता देगी।

शिक्षा, खेल और बुनियादी ढांचे का कायाकल्प : शहडोल और आसपास के कस्बों में शिक्षा व अधोसंरचना को लेकर भी महत्वपूर्ण फैसले लिए गए:

  • नई यूनिवर्सिटी और को-एजुकेशन कॉलेज: शहडोल में निजी सहभागिता से एक नया विश्वविद्यालय खोला जाएगा। इसके साथ ही शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय के कॉलेज को सभी विद्यार्थियों के लिए सह-शिक्षा (को-एजुकेशन) संस्थान में परिवर्तित किया जाएगा।

  • जनजातीय छात्रों को 12 माह की छात्रवृत्ति: मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जनजातीय विद्यार्थियों को अब 10 महीने के स्थान पर पूरे 12 महीने की छात्रवृत्ति दी जाएगी, जिससे पूरे साल उनकी पढ़ाई बिना वित्तीय बाधा के जारी रह सके। संभाग में ₹150 करोड़ से 34 नए हाईस्कूल भवनों और कन्या छात्रावासों का निर्माण कराया जा रहा है।

  • इंडोर स्टेडियम व विचारपुर को संबल: शहडोल में अत्याधुनिक इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनेगा। वहीं फुटबॉल क्रांति के लिए देश भर में मशहूर जिले के ग्राम विचारपुर में 5.10 करोड़ रुपये की लागत से खेल अधोसंरचना का विस्तार होगा।

  • सड़क और सामाजिक केंद्र: जयसिंहनगर के गोहपारू में शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग से आईटीआई व कॉलेज तक नई पक्की सड़क बनेगी, उमरिया में एमपीआरडीसी द्वारा सड़क का पुनर्निर्माण होगा और शहडोल में भव्य ‘गीता भवन’ बनाया जाएगा।

पशुपालकों और किसानों के हित में बड़े कदम

  • डेयरी प्रोजेक्ट पर ₹10 लाख की सब्सिडी: 25 गायों के साथ 40 लाख रुपये की लागत से आधुनिक डेयरी लगाने वाले पशुपालकों को सरकार 10 लाख रुपये की सीधी अनुदान सहायता देगी।

  • धान पंजीयन पोर्टल फिर खुला: जिन धान उत्पादक किसानों का पंजीयन छूट गया था, उनके हित को ध्यान में रखते हुए सरकार ने उपार्जन पोर्टल को पुनः खोल दिया है।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह, जयसिंहनगर विधायक मनीषा सिंह, विधायक जयसिंह मरावी, शरद कोल और विसाहूलाल सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!