भोपाल। धनतेरस एवं दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशवासियों को राहत देते हुए तकनीकी तत्परता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। राज्य पुलिस ने बीते 5 दिनों के भीतर विशेष अभियान चलाकर विभिन्न जिलों से गुम और चोरी हुए कुल 1,748 मोबाइल फोन सफलतापूर्वक ट्रेस कर जब्त किए हैं। बरामद किए गए इन हैंडसेट्स का कुल अनुमानित बाजार मूल्य लगभग ₹3 करोड़ 90 लाख 75 हजार आंका गया है। पुलिस टीमों द्वारा इन सभी मोबाइल फोनों को उनके वास्तविक मालिकों को विधिवत सुपुर्द किया जा रहा है।
केंद्रीय दूरसंचार विभाग के सीईआईआर (CEIR – Central Equipment Identity Register) पोर्टल, साइबर सेल की तकनीकी जांच और फील्ड सर्विलांस के प्रभावी समन्वय से पुलिस को यह सफलता मिली है।
प्रमुख जिलों में बरामदगी का विवरण : प्रदेश के विभिन्न जिलों में साइबर सेल और थाना पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर इन फोनों को रिकवर किया:
➝ उज्जैन (524 मोबाइल, मूल्य करीब ₹1.02 करोड़): जिले में सीईआईआर पोर्टल की मदद से ₹1 करोड़ मूल्य के 522 गुम मोबाइल खोजे गए। वहीं चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र में ‘गोल्डन मोबाइल शॉप’ में हुई चोरी का खुलासा करते हुए 1 आरोपी से ₹2.50 लाख के 2 फोन, एप्पल आईपैड और डीवीआर बरामद किए गए।
➝ इंदौर (323 मोबाइल, मूल्य ₹89 लाख से अधिक): इंदौर पुलिस जोन-3 ने ₹58 लाख के 168 मोबाइल और क्राइम ब्रांच ने ₹20 लाख के 106 मोबाइल लौटाए। राजेंद्र नगर पुलिस ने नकबजनी का पर्दाफाश कर ₹11.40 लाख के 36 एंड्रॉयड फोन जब्त किए, जबकि परदेशीपुरा पुलिस ने 13 फोन रिकवर किए।
➝नरसिंहपुर (201 मोबाइल): विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए लगभग ₹75 लाख मूल्य के 201 मोबाइल बरामद किए गए।
➝ छिंदवाड़ा (151 मोबाइल): विशेष अभियान में करीब ₹26.58 लाख के 151 फोन बरामद कर आवेदकों को सौंपे गए।
➝ मंदसौर ও सतना (प्रत्येक 115 मोबाइल): मंदसौर पुलिस ने ₹23 लाख के 115 हैंडसेट खोजे, वहीं सतना साइबर सेल ने ₹17 लाख कीमत के 115 मोबाइल बरामद किए।
➝ पांढुर्णा (111 मोबाइल): साइबर सेल ने तकनीकी प्रयासों से ₹18.50 लाख के 111 हैंडसेट रिकवर किए।
➝ खंडवा (102 मोबाइल): पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सहयोग’ के तहत ₹21.81 लाख के 102 मोबाइल वास्तविक धारकों को दिए गए।
➝ जबलपुर (86 मोबाइल): सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से ₹15 लाख के 86 फोन बरामद कर नागरिकों को सौंपे गए।
➝ शिवपुरी (20 मोबाइल): नरवर थाना क्षेत्र में दुकान में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों से ₹2.36 लाख के 20 फोन जब्त किए गए।
सीईआईआर पोर्टल से ट्रेसिंग हुई आसान : मध्यप्रदेश पुलिस के अनुसार, गुम या चोरी हुए हैंडसेट्स की रोकथाम और बरामदगी के लिए साइबर टीमें निरंतर तकनीकी अपग्रेडेशन पर काम कर रही हैं। सीईआईआर व्यवस्था के तहत आईएमईआई (IMEI) नंबर को ब्लॉक और ट्रैक करने की सुविधा ने दूरदराज के क्षेत्रों में चल रहे फोनों को भी तेजी से ट्रेस करने में अहम भूमिका निभाई है।

