ओडिशा के गरीबों, किसानों और महिलाओं को केंद्र की बड़ी सौगात : बलांगीर से केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया 5 लाख नए ‘पीएम आवास’ का ऐलान

​नई दिल्ली/बलांगीर। ओडिशा के ग्रामीण विकास, कृषि आधुनिकीकरण और महिला सशक्तिकरण को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को बलांगीर से बड़ी घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित ‘प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण’ (PMAY-G) के राज्य स्तरीय समारोह में श्री चौहान ने राज्य के गरीब परिवारों को तत्काल 5 लाख नए पक्के मकान स्वीकृत करने का ऐलान किया। इस दौरान उन्होंने बलांगीर में एक नवीन कृषि महाविद्यालय की आधारशिला भी रखी।

​समारोह में ओडिशा के उपमुख्यमंत्री व कृषि मंत्री कनक वर्धन सिंह देव, पंचायती राज एवं पेयजल मंत्री रवि नारायण नायक, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मुकेश महालिंग, सांसद संगीता कुमारी सिंह देव तथा क्षेत्रीय विधायक नवीन कुमार जैन, लक्ष्मण बाग एवं सुश्री रूपा मिश्रा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व नागरिक उपस्थित रहे।

​आवास के साथ मुफ्त बिजली और ‘लखपति दीदी’ के लिए 10 लाख करोड़ का अभियान : केंद्रीय मंत्री ने आवास, स्वच्छ ऊर्जा और महिला स्वावलंबन को जोड़ते हुए प्रमुख घोषणाएं कीं:

  • ​हर पात्र को पक्का घर और सोलर सब्सिडी: श्री चौहान ने आश्वस्त किया कि सही सर्वेक्षण के बाद अब कोई भी गरीब परिवार कच्चे मकान में नहीं रहेगा। मकानों की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर सब्सिडी प्रदान करेंगी, जिससे परिवारों का बिजली बिल शून्य होगा और अतिरिक्त बिजली बेचकर वे आमदनी भी अर्जित कर सकेंगे।
  • ​29 लाख बहनें बनीं लखपति दीदी: उन्होंने कहा कि सुभद्रा योजना से मिलने वाले सालाना 10 हजार रुपये ने बहनों का आत्मविश्वास बढ़ाया है। मुख्यमंत्री मोहन माझी के नेतृत्व में ओडिशा ने निर्धारित समय से एक साल पहले ही 27 लाख का लक्ष्य पार करते हुए 29 लाख बहनों को ‘लखपति दीदी’ बना दिया है।
  • ​व्यक्तिगत उद्यम के लिए भी मिलेगा ऋण: अगले पांच वर्षों में देशभर की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बैंकों के माध्यम से 10 लाख करोड़ रुपये का ऋण अभियान चलाया जाएगा। अब स्वयं सहायता समूहों के साथ-साथ अकेले व्यापार शुरू करने की इच्छुक महिलाओं को भी सुगमता से बैंक ऋण मिलेगा।

​बलांगीर कृषि कॉलेज बनेगा देश का सर्वश्रेष्ठ संस्थान, खेतों में होगा दोहरा लाभ : किसानों की सेवा को ईश्वर की आराधना बताते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री ने खेती को लाभकारी बनाने का रोडमैप साझा किया:

  • ​आईसीएआर के सहयोग से बनेगा शीर्ष संस्थान: श्री चौहान ने संकल्प लिया कि बलांगीर में शिलान्यास किए गए कृषि कॉलेज को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) और भारत सरकार के सहयोग से देश का नंबर-1 कृषि संस्थान बनाया जाएगा।
  • एग्री-सोलर मॉडल और सम्मान निधि: राज्य सरकार के साथ मिलकर एक ऐसी योजना तैयार की जा रही है, जिसमें किसान के खेत के ऊपर सोलर पैनल लगेंगे और नीचे फल-सब्जियों की खेती होगी। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के छूटे हुए पात्र किसानों के नाम भी सूची में जोड़ दिए गए हैं।

​ग्रामीण विकास का खाका: हर पंचायत को 1 से 2 करोड़ और 1700 किमी नई सड़कें :- 

​पंचायतों को सीधा बजट: केंद्रीय मंत्री ने बताया कि ‘विकसित भारत- जी राम जी’ योजना के अंतर्गत इस वर्ष ओडिशा को लगभग 4,000 करोड़ रुपये मिलेंगे। इससे प्रत्येक पंचायत को सालाना 25 से 50 लाख रुपये तथा पांच वर्षों में छोटी पंचायत को 1 करोड़ व बड़ी पंचायत को 2 करोड़ रुपये तक विकास कार्यों (सड़क, नाली, स्कूल, पंचायत भवन और तालाब निर्माण) के लिए प्राप्त होंगे।

​बारहमासी सड़कों से जुड़ेंगे गांव: प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण में 1,700 किलोमीटर सड़कों की स्वीकृति के पश्चात अब शेष बचे सभी गांवों को भी पक्की सड़कों से जोड़ा जाएगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!