दतिया/सेवढ़ा। दस वर्ष पुराने नाबालिग किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म के एक चर्चित मामले में सेवढ़ा स्थित विशेष न्यायालय (पॉक्सो अधिनियम) ने मंगलवार को कड़ा फैसला सुनाया है। विशेष न्यायाधीश पूरन सिंह की अदालत ने मुख्य आरोपित अमित उर्फ लला यादव को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास और नौ हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक रविशंकर शर्मा ने प्रभावी पैरवी करते हुए ठोस साक्ष्य प्रस्तुत किए।
इस प्रकरण में संलिप्त दूसरे सह-अभियुक्त सागर यादव को न्यायालय द्वारा पूर्व में ही 15 मई 2026 को पांच वर्ष के सश्रम कारावास एवं छह हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई जा चुकी है। मुख्य आरोपित के फरार हो जाने के कारण उसके विरुद्ध पृथक से विचारण संचालित किया गया था।
2016 में छत से सोते समय हुआ था अपहरण, दतिया और दिल्ली ले जाकर की थी दरिंदगी : अभियोजन के अनुसार, यह संपूर्ण घटनाक्रम वर्ष 2016 का है:
रात में छत से गायब हुई थी किशोरी: अतरेटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पहाड़ी निवासी एक नाबालिग बालिका 3 अप्रैल 2016 की रात अपने घर की छत पर सो रही थी। अगली सुबह परिजनों को वह घर पर नहीं मिली। खोजबीन के दौरान ग्रामीणों से जानकारी मिली कि रात में ग्राम बसई जीब (थाना थरेट) निवासी सागर यादव और अमित उर्फ लला यादव को बाइक से आसपास देखा गया था।
पंचर की दुकान पर मिली थी बाइक: बाद में थरेट क्षेत्र स्थित एक पंचर की दुकान पर संदिग्ध बाइक मिलने के बाद परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई और अतरेटा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
डीएनए और मेडिकल साक्ष्य बने आधार: पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किशोरी को बरामद किया। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपित अमित उर्फ लला यादव पीड़िता को दतिया और दिल्ली ले गया था, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने पीड़िता के न्यायालयीन बयान, मेडिकल परीक्षण और डीएनए जांच रिपोर्ट सहित पुख्ता साक्ष्य जुटाकर चालान पेश किया।
ढाई साल तक रहा फरार, जुलाई में गिरफ्तारी के बाद पूरी हुई सुनवाई : प्रकरण की सुनवाई के दौरान मुख्य आरोपित अमित उर्फ लला यादव 27 दिसंबर 2023 से फरार हो गया था, जिसके चलते उसका ट्रायल लंबित रहा और सह-अभियुक्त सागर यादव को पहले सजा सुना दी गई।
विगत 16 जुलाई को पुलिस द्वारा मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसके विरुद्ध सुनवाई तेजी से पूरी की गई और मंगलवार को अदालत ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई।

