ओरछा के श्रीरामराजा सरकार का खजाना डबल लॉक में पूर्णतः सुरक्षित: ताला तोड़ने की खबरों का जिला प्रशासन ने किया सिरे से खंडन

भोपाल/ओरछा। बुंदेलखंड की अयोध्या कहे जाने वाले ओरछा स्थित विश्वप्रसिद्ध श्रीरामराजा मंदिर के खजाने का ताला तोड़े जाने अथवा बिना निर्धारित प्रक्रिया के कक्ष खोले जाने संबंधी खबरों को जिला प्रशासन ने पूर्णतः भ्रामक, तथ्यहीन और वास्तविकता से परे बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मंदिर का खजाना डबल लॉक व्यवस्था के अंतर्गत पूर्ववत पूर्णतः सुरक्षित है और उसमें रखी किसी भी सामग्री के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं हुई है।

​2017 के बाद प्राप्त नई सामग्रियों के मिलान और पंजीयन की प्रक्रिया

​प्रशासनिक स्पष्टीकरण के अनुसार, यह संपूर्ण कार्यवाही मंदिर की संपत्ति के संरक्षण और अभिलेखों को अद्यतन करने की एक नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है:

  • ​नई अर्पित भेंटों का रिकॉर्ड: श्रीरामराजा मंदिर के खजाने का अंतिम सत्यापन वर्ष 2017 में हुआ था और उस अवधि तक की समस्त संधारित सामग्री डबल लॉक में सुरक्षित है। वर्ष 2017 के पश्चात श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित की गई नई सामग्रियों एवं बहुमूल्य वस्तुओं का पृथक से प्रामाणिक रिकॉर्ड तैयार करने और उपलब्ध अभिलेखों से मिलान करने के लिए यह प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।
  • ​छह सदस्यीय समिति और पारदर्शी निरीक्षण: कलेक्टर एवं मंदिर प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सुश्री जमुना भिंडे द्वारा जारी आदेश के तहत गठित छह सदस्यीय जांच दल ने खजाना कक्ष का केवल प्रारंभिक निरीक्षण किया है।
  • ​वीडियोग्राफी और पंचनामा: यह संपूर्ण प्रारंभिक कार्यवाही मंदिर के प्रधान पुजारी पंडित रामाकांत दीक्षित तथा तहसीलदार एवं मंदिर व्यवस्थापक की उपस्थिति में संपन्न हुई, जिसकी निरंतर वीडियोग्राफी कराई गई और विधिवत पंचनामा तैयार किया गया। निरीक्षण के उपरांत कक्ष को पूर्ववत सुरक्षित कर दिया गया है। श्रद्धालुओं की भारी आवक को देखते हुए विस्तृत सत्यापन अनुकूल समय निर्धारित कर किया जाएगा।

​डिजिटल हो रही मंदिर व्यवस्था: अभिलेखों का होगा कंप्यूटरीकरण

​मंदिर प्रबंधन में आधुनिकता और पारदर्शिता लाने के लिए कई डिजिटल कदम उठाए गए हैं:

  • ​ऑनलाइन बुकिंग व यूपीआई दान: श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु क्यूआर कोड और बारकोड के जरिए गूगल पे, फोनपे सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से दान और चढ़ोतरी की व्यवस्था लागू की गई है। साथ ही राजभोग, प्रसाद एवं पोशाक की बुकिंग व रसीद ऑनलाइन उपलब्ध है।
  • ​आय-व्यय का डिजिटल संधारण: मंदिर के भुगतानों को ऑनलाइन करने के पश्चात अब समस्त आय-व्यय, दान राशि के सत्यापन और अन्य अभिलेखों का कंप्यूटरीकरण किया जा रहा है, जिससे प्रत्येक लेन-देन का प्रामाणिक रिकॉर्ड सुरक्षित रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!