प्रशासन का बड़ा एक्शन : भांडेर रोड पर ₹3 करोड़ की सरकारी जमीन कराई कब्जामुक्त,जेसीबी से भूमि खोदकर करवाए गहरे गड्ढे, ताकि भू-माफिया दोबारा न कर सकें अवैध प्लॉटिंग;

दतिया। जिले में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा और प्लॉटिंग करने वाले भू-माफियाओं के विरुद्ध राजस्व विभाग ने गुरुवार को सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया। भांडेर रोड स्थित ग्राम भेड़पुरा में प्रशासनिक अमले ने जेसीबी मशीनों की मदद से अभियान चलाते हुए करीब तीन बीघा से अधिक बेशकीमती सरकारी जमीन को अतिक्रमणकारियों के चंगुल से मुक्त कराया है। प्रशासन के अनुसार, अतिक्रमण से मुक्त कराई गई इस शासकीय भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग तीन करोड़ रुपये है।

समतल कर काटी जा रही थी अवैध कॉलोनी, नोटरी से बेचा गया प्लॉट भी मुक्त : राजस्व विभाग की टीम को शिकायत प्राप्त हुई थी कि भांडेर रोड जैसे मुख्य मार्ग से लगी सरकारी भूमि पर अवैध रूप से प्लॉटिंग की तैयारी की जा रही है:

➝ खसरा नंबर 257/1/1 पर हुई कार्रवाई: राजस्व अभिलेखों में शासकीय दर्ज खसरा क्रमांक 257/1/1 की लगभग तीन बीघा जमीन पर कुछ अतिक्रमणकारियों द्वारा समतलीकरण कर अवैध प्लॉटिंग का रूप दे दिया गया था।

➝ फर्जी नोटरी से बिक्री का खुलासा: जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कब्जाधारियों ने सरकारी जमीन का एक हिस्सा मथुरा देवी नामक महिला को अवैध रूप से नोटरी के माध्यम से बेच दिया था। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर उस प्लॉट सहित संपूर्ण भूमि को कब्जामुक्त करा लिया।

➝ दोबारा कब्जा रोकने को खोदे गड्ढे: कार्रवाई के दौरान जेसीबी की सहायता से जमीन के समतलीकरण और कच्चे निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। भविष्य में कोई भी व्यक्ति पुनः इस भूमि पर कब्जा या प्लॉटिंग न कर सके, इसके लिए पूरी जमीन पर जगह-जगह गहरे गड्ढे खुदवा दिए गए हैं।

राजस्व अमले की मौजूदगी में चला अभियान : इस पूरी कार्रवाई के दौरान तहसीलदार एवं राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रही। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शासकीय भूमि की खरीद-फरोख्त करने या अवैध रूप से प्लॉटिंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!