सड़क निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं, इंजीनियरों और ठेकेदारों की तय होगी जवाबदेही: हैदराबाद में ‘इंडियन रोड्स कांग्रेस’ के 85वें सत्र में बोले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी

नई दिल्ली/हैदराबाद। देश के सड़क बुनियादी ढांचे को विश्वस्तरीय, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को तेलंगाना के हैदराबाद में आयोजित ‘इंडियन रोड्स कांग्रेस’ (IRC) के 85वें वार्षिक सत्र को संबोधित किया। इंजीनियरों, ठेकेदारों, सलाहकारों और नीति निर्माताओं को संबोधित करते हुए श्री गडकरी ने स्पष्ट संदेश दिया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता, सुरक्षा और टिकाऊपन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा खराब निर्माण कार्य के लिए दोषियों की जवाबदेही तय कर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

समारोह में तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क, राज्य के सड़क एवं भवन मंत्री कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी, आईआरसी के अध्यक्ष एल. के. पाढ़ी, मंत्रालय के महानिदेशक (सड़क विकास) सुदीप चौधरी तथा आईआरसी के महासचिव राहुल गुप्ता सहित वरिष्ठ अधिकारी व विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

सड़क सुरक्षा और ‘ब्लैक स्पॉट’ उन्मूलन पर विशेष फोकस : मानव जीवन की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए केंद्रीय मंत्री ने सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए वैज्ञानिक योजना पर बल दिया:

  • डीपीआर (DPR) सुधार और सेफ्टी ऑडिट: श्री गडकरी ने विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) की गुणवत्ता सुधारने, तकनीकी निगरानी को मजबूत करने और सड़क सुरक्षा ऑडिट को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।

  • ब्लैक स्पॉट होंगे खत्म: उन्होंने इंजीनियरों से आह्वान किया कि वे दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) की पहचान कर जंक्शनों के बेहतर डिजाइन, आवश्यकतानुसार फ्लाईओवर और अंडरपास का निर्माण कर उन्हें तत्काल दुरुस्त करें।

कचरे से बनेंगी सड़कें: बायो-बिटुमेन, स्टील स्लैग और हरित ईंधन को बढ़ावा : निर्माण लागत घटाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए केंद्रीय मंत्री ने नवाचार आधारित वैकल्पिक सामग्रियों के व्यापक उपयोग का रोडमैप रखा:

  • अपशिष्ट का सदुपयोग: उन्होंने सड़क निर्माण में प्लास्टिक कचरे, पुराने टायरों, स्टील स्लैग, नगरपालिका के ठोस कचरे तथा धान के पुआल (पराली) से तैयार ‘बायो-बिटुमेन’ के उपयोग पर जोर दिया। साथ ही पानी की कमी को देखते हुए निर्माण कार्यों में उपचारित अपशिष्ट जल (ट्रीटेड वेस्टवॉटर) के प्रयोग और राजमार्गों के किनारे वृक्षारोपण व पेड़ों के प्रत्यारोपण को बढ़ावा देने की बात कही।

  • निर्माण मशीनरी में वैकल्पिक ईंधन: श्री गडकरी ने भारी निर्माण उपकरणों में इलेक्ट्रिक, इथेनॉल, बायोडीजल, सीएनजी, एलएनजी और हाइड्रोजन आधारित तकनीकों को अपनाने की अपील की, जिससे प्रदूषण घटेगा और किसानों की आय के नए स्रोत खुलेंगे।

आर्थिक विकास और पीपीपी मॉडल से संसाधन जुटाने पर जोर “: केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण सड़कें लॉजिस्टिक्स लागत कम कर व्यापार, उद्योग, कृषि और पर्यटन को गति देती हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने बुनियादी ढांचे के विस्तार के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) और राजमार्ग संपत्तियों के मुद्रीकरण (Monetization) जैसे वित्तीय तंत्रों को अपनाने तथा केंद्र व राज्य सरकारों के बीच बेहतर समन्वय का आह्वान किया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!