नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के परिणामस्वरूप भारत ने गरीबी उन्मूलन के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विश्व बैंक (World Bank) की अक्टूबर 2026 की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2011 से 2023 के मध्य देश में लगभग 49.60 करोड़ नागरिक गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं और देश में गरीबी की दर 57.70 प्रतिशत से तेजी से घटकर 16.10 प्रतिशत पर आ गई है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि को आगे बढ़ाने और शेष जरूरतमंद परिवारों को तीव्र गति से आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर सोमवार, 23 नवंबर को नई दिल्ली स्थित अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यशाला में तय होगी आगे की रणनीति: किसानों की आय और ग्रामीण आजीविका पर फोकस : कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस कार्यशाला का मुख्य विषय “भारत में गरीबी कम करने में कृषि एवं ग्रामीण विकास की भूमिका और योगदान” रखा गया है:
-
शीर्ष नेतृत्व और अधिकारियों की सहभागिता: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में होने वाले इस मंथन में दोनों मंत्रालयों के राज्य मंत्री—रामनाथ ठाकुर, भागीरथ चौधरी, डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी और कमलेश पासवान—सहित चारों सचिव व वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
-
जमीनी क्रियान्वयन का ठोस रोडमैप: कार्यशाला में इस बात पर गहन विमर्श होगा कि वर्तमान में जो परिवार गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रहे हैं, उन्हें कृषि और ग्रामीण विकास की योजनाओं के माध्यम से और अधिक तेजी से गरीबी के दुष्चक्र से बाहर कैसे निकाला जाए। इसके तहत किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण आजीविका को सशक्त करने और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने की कार्ययोजना बनेगी।
कर्मचारियों के उत्साहवर्धन से नई ऊर्जा का संचार : केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि गरीबी में आई इस ऐतिहासिक कमी के पीछे सरकार की नीतियों के साथ-साथ दोनों मंत्रालयों के अधिकारियों और मैदानी कर्मचारियों का परिश्रम महत्वपूर्ण रहा है। कार्यशाला के माध्यम से इन कर्मयोगियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आगामी लक्ष्यों की पूर्ति और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

