दतिया/उनाव। जिले के सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल उनाव बालाजी में रविवार को आयोजित मेले के दौरान एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां दर्शन के लिए पहुंचे उत्तर प्रदेश के चिरगांव निवासी एक 12 वर्षीय बालक की पहूज नदी में स्नान करते समय गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल के समीप हुआ, जहां पुल के पिलर या निर्माण कार्य के लिए खोदा गया गहरा गड्ढा पानी से भरा हुआ था। इस दुखद घटना के बाद श्रद्धालु परिवार में कोहराम मच गया और मेला परिसर में शोक की लहर दौड़ गई।
दर्शन से पूर्व नदी में स्नान करते समय हुआ हादसा : उनाव थाना प्रभारी अंशुल अरोड़ा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक बालक की पहचान सत्यम यादव (12 वर्ष) पुत्र बलराम यादव, निवासी चिरगांव (जिला झांसी, उत्तर प्रदेश) के रूप में की गई है:
गड्ढे की गहराई का अंदाजा न लग सका: रविवार को सत्यम अपने चाचा और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ उनाव बालाजी मंदिर में दर्शन करने आया था। मंदिर में दर्शन करने से पूर्व पूरा परिवार निर्माणाधीन पुल के नजदीक पहूज नदी के घाट पर स्नान कर रहा था। इसी दौरान सत्यम नहाते हुए नदी के थोड़ा आगे की ओर बढ़ गया और वहां पुल निर्माण के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में फंसकर गहरे पानी में डूब गया।
परिजनों ने बचाने का किया प्रयास, पर न बच सकी जान: बालक को डूबता देख साथ मौजूद परिजनों ने तत्काल शोर मचाया और उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगाई। काफी मशक्कत के बाद जब तक सत्यम को गहरे गड्ढे से बाहर निकाला गया, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की विवेचना : घटना की सूचना मिलते ही उनाव थाना पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। वहीं, इस घटना के बाद निर्माणाधीन पुल स्थल पर सुरक्षा संकेतक या बैरिकेडिंग न होने को लेकर भी स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने चिंता जताई है।

