दतिया। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित झिरका बाग के कारसदेव मंदिर में वयोवृद्ध पुजारी रतनदास गुर्जर की निर्मम हत्या और लूट की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में झिरका बाग निवासी 19 वर्षीय युवक लला जोशी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त ईंट का टुकड़ा, मंदिर से लूटी गई दान पेटी तथा 2,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। सिविल लाइन पुलिस ने सोमवार दोपहर इस पूरे मामले का खुलासा किया।
रुपए मांगने पर हुआ था विवाद, ईंट से हमला कर लूटी दान पेटी : सिविल लाइन थाना प्रभारी (टीआई) वैभव गुप्ता ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि 22 नवंबर को ग्राम लिधौरा निवासी लालजी गुर्जर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके पिता रतनदास गुर्जर कारसदेव मंदिर में पुजारी थे और किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी हत्या कर दी है:
गवाहों और साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस: मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया और आसपास के लोगों व गवाहों के बयान दर्ज कर तकनीकी व भौतिक साक्ष्य जुटाए।
महज कुछ रुपयों के लिए ले ली जान: तफ्तीश में सामने आया कि झिरका बाग निवासी लला जोशी पुत्र प्रहलाद जोशी (19) ने पुजारी रतनदास से रुपयों की मांग की थी। जब पुजारी ने रुपए देने से इनकार कर दिया, तो आक्रोशित होकर आरोपी ने पास पड़े ईंट के टुकड़े से उनके सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मंदिर की दान पेटी और पुजारी की कुर्ती की जेब में रखे रुपये समेटकर फरार हो गया था।
गिरफ्तारी के बाद न्यायालय में पेश किया गया आरोपी : त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर 22 नवंबर को ही आरोपी लला जोशी को धर दबोचा। सख्ती से की गई पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर आला-ए-कत्ल (ईंट का टुकड़ा), दान पेटी और नकदी जब्त कर ली गई। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।

