1,600 देशी घी के दीपों से जगमगाया मां पीतांबरा पीठ का आंगन : कार्तिक पूर्णिमा पर मनाई गई भव्य देव दीपावली, गुरुवाणी कीर्तन के साथ नगर में गूंजा प्रकाश पर्व

दतिया। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर दतिया स्थित विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री पीतांबरा पीठ का संपूर्ण परिसर मंगलवार शाम सैकड़ों दीपों की अलौकिक आभा से जगमगा उठा। देव दीपावली के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर और हरिद्रा सरोवर के तट पर 45 किलोग्राम शुद्ध देशी घी से 1,600 दीपक प्रज्ज्वलित किए गए। कुछ समय के लिए परिसर की विद्युत रोशनी बंद की गई, जिससे चारों ओर केवल दीपमालिकाओं का दिव्य प्रकाश बिखर गया और पूरा मंदिर प्रांगण आकाशगंगा जैसा प्रतीत होने लगा।

हरिद्रा सरोवर पर उकेरी गईं स्वास्तिक व ओम की आकृतियां: 40 वर्षों से जारी है परंपरा : पीठ से जुड़े सेवकों और श्रद्धालुओं ने इस भव्य दीपोत्सव को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया:

विशेष पूजा-अर्चना और दीपदान : कार्तिक पूर्णिमा पर मां बगलामुखी के दरबार में विशेष पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर व हरिद्रा सरोवर के चारों ओर दीपों से स्वास्तिक और ‘ओम’ जैसी मांगलिक आकृतियां उकेरीं, जो दर्शनार्थियों के आकर्षण का केंद्र रहीं।

राजस्थान के शिष्य परिवार द्वारा आयोजन : पीठ सेवकों के अनुसार, यह दीपोत्सव विगत 35 से 40 वर्षों से पूज्यपाद स्वामी जी महाराज के जयपुर (राजस्थान) निवासी शिष्य परिवार (वर्तमान में धौलपुर निवासरत) के सदस्यों दिलीप कुमार व राजकुमार द्विवेदी द्वारा आयोजित किया जाता है। स्वामी जी महाराज के राजस्थान प्रवास के दौरान यह परिवार उनके संपर्क में आया था। इस अवसर पर कमल खड्डर, राहुल राय और शाश्वत राव सहित बड़ी संख्या में भक्तगण मौजूद रहे।

गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व पर नगर में निकली पालकी यात्रा : दूसरी ओर, सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरुनानक देव जी के जन्मोत्सव (प्रकाश पर्व) के उपलक्ष्य में मंगलवार को दांतरे की नरिया स्थित बाबा धर्मदास साहिब गुरुद्वारा समिति द्वारा भव्य पालकी यात्रा निकाली गई।

अलसुबह गुरुद्वारे में अरदास के साथ प्रारंभ हुई यह प्रभातफेरी खजांची मोहल्ला, आनंद टॉकीज और दांतरे की नरिया मार्ग से होते हुए पुनः गुरुद्वारे पहुंची। यात्रा में सिंधी समाज के पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने गुरुवाणी और रामधुन कीर्तन से पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर पालकी यात्रा का स्वागत किया गया, जिसके पश्चात बाबा धर्मदास साहिब गुरुद्वारे व पीतांबरा पीठ के समीप स्थित गुरुद्वारे में प्रसाद वितरित किया गया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!