दतिया। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत सेवढ़ा-भांडेर बाईपास मार्ग पर स्थित एक खेत में बुधवार दोपहर मजदूरी कर रहे 45 वर्षीय व्यक्ति की करंट लगने से दुखद मृत्यु हो गई। दोपहर करीब 3:00 बजे खेत की सफाई के दौरान मजदूर के हाथ में मौजूद लोहे की बकिया ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई। करंट का जोरदार झटका लगने से मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस हृदयविदारक हादसे के बाद घटनास्थल पर कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान शालिग्राम कुशवाहा (45 वर्ष) पुत्र किशनलाल कुशवाहा, मूल निवासी ग्राम जनोई (हाल निवासी झिरका बाग, दतिया) के रूप में की गई है। बुधवार दोपहर शालिग्राम अपनी पत्नी के साथ सेवढ़ा-भांडेर बाईपास रोड स्थित केशव महाराज के खेत में मजदूरी करने गया था। खेत में उगी खरपतवार को साफ करने के दौरान अचानक उसके हाथ में पकड़ी लोहे की बकिया सिर के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार से छू गई, जिससे पूरे शरीर में करंट प्रवाहित हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दुखद घटना के बाद खेतों के ऊपर से झूलते हाईटेंशन तारों की सुरक्षा को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने चिंता व्यक्त की है।

