नई दिल्ली/बरेली। उत्तर प्रदेश के टियर-2 और टियर-3 शहरों में प्रौद्योगिकी बुनियादी ढांचे का विस्तार करने और स्थानीय युवाओं को स्टार्टअप से जोड़ने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी तथा वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को बरेली में ‘सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया’ (STPI) के अत्याधुनिक केंद्र का उद्घाटन किया। बरेली के साथ ही देशभर में एसटीपीआई केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 75 हो गई है, जिनमें से 67 केंद्र छोटे और उभरते शहरों में स्थित हैं।
इस गरिमामय समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, बरेली के लोकसभा सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, राज्यसभा सांसद श्रीमती श्रुति गंगवार तथा एसटीपीआई के महानिदेशक अरविंद कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि व उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रोहिलखंड के युवाओं का पलायन रुकेगा, स्थानीय स्तर पर सृजित होंगे रोजगार : लगभग 18.25 करोड़ रुपये के निवेश से दो एकड़ भूमि पर निर्मित यह केंद्र पूरे रोहिलखंड क्षेत्र के डिजिटल और आर्थिक परिदृश्य को बदलने में सहायक होगा:
मेट्रो शहरों पर निर्भरता होगी समाप्त: केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि बरेली केंद्र की स्थापना से बरेली सहित पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं के युवाओं को आईटी, स्टार्टअप, इन्क्यूबेशन और अनुसंधान के लिए अब मुंबई, नोएडा या हैदराबाद जैसे महानगरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। उन्हें अपने ही क्षेत्र में विश्वस्तरीय तकनीकी सुविधाएं और मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
आत्मनिर्भर भारत और एआई कौशल पर जोर: श्री प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार एक करोड़ युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में प्रशिक्षित करने, सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम विकसित करने और डेटा सेंटर व सॉफ्टवेयर निर्यात को बढ़ावा देने पर कार्य कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्थानीय उद्यमियों और एमएसएमई (MSME) द्वारा इस केंद्र का पूर्ण उपयोग किए जाने पर यहां अतिरिक्त भवनों और सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा।
स्टार्टअप इकोसिस्टम और उभरती तकनीकों को मिलेगा नया मंच : उद्घाटन अवसर पर राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना तथा सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार व श्रीमती श्रुति गंगवार ने इसे क्षेत्र की युवा प्रतिभाओं के लिए ऐतिहासिक सौगात बताया।
एसटीपीआई के महानिदेशक अरविंद कुमार ने कहा कि बरेली केंद्र के माध्यम से स्थानीय स्टार्टअप और आईटी/आईटीईएस उद्यमों को प्लग-एंड-प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर, उद्योग जगत से जुड़ाव और बौद्धिक संपदा (IP) सृजन में सीधा सहयोग मिलेगा। यह केंद्र एआई (AI), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), ब्लॉकचेन, रोबोटिक्स, साइबर सुरक्षा, ड्रोन, फिनटेक और एग्रीटेक जैसी आधुनिक तकनीकों में नवाचार को गति देकर बरेली को नोएडा, कानपुर, लखनऊ और गोरखपुर की भांति एक प्रमुख आईटी हब के रूप में स्थापित करेगा।

