दतिया/बड़ौनी। जिले के बड़ौनी थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 14 में घरेलू विवाद और क्रूरता का मामला सामने आया है। यहां खाना परोसने में मामूली देरी होने पर एक पति ने अपनी 25 वर्षीय पत्नी की बेरहमी से पिटाई की और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के उकसाने पर उसे जबरन तेजाब पिला दिया। घटना के बाद आरोपी उसे दतिया जिला अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता के अस्पताल में दर्ज कराए गए बयानों के आधार पर बड़ौनी पुलिस ने शुक्रवार को पति सहित कुल छह आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
थाली पटकने से शुरू हुआ विवाद, लेजम से पीटा और बाथरूम से लाकर पिलाया तेजाब : बड़ौनी थाना प्रभारी रमेश शाक्य से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 14 निवासी 25 वर्षीय नेहा यादव ने 26 नवंबर की रात अस्पताल में पुलिस के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया:
खाना देने में देरी पर भड़का पति: नेहा ने बताया कि 26 नवंबर की शाम करीब 7:00 बजे उसका पति संतोष यादव घर लौटा और भोजन मांगा। खाना परोसने में थोड़ा विलंब होने पर संतोष आक्रोशित हो गया और नेहा के हाथ से थाली छीनकर जमीन पर पटक दी। इसके पश्चात उसने गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट की और प्लास्टिक की लेजम (पाइप) के टुकड़े से उसके सिर व पीठ पर कई वार किए।
ससुराल वालों के कहने पर पिलाया तेजाब: चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे जेठ कृपाराम यादव, भगवान सिंह यादव, चचिया ससुर रमेश यादव, चचिया सास श्याम कुअर और जेठानी नंदनी यादव ने कथित तौर पर संतोष को उकसाते हुए कहा कि यह अधिक शोर मचा रही है, इसे तेजाब पिला दो। आरोप है कि इसके बाद संतोष बाथरूम से तेजाब की बोतल लेकर आया और जबरन मुंह पकड़कर नेहा को तेजाब पिला दिया।
अस्पताल में लावारिस छोड़कर हुए फरार, पुलिस ने 6 पर दर्ज किया केस : पीड़िता के मुताबिक, तेजाब पिलाने के बाद ससुराल वालों की सलाह पर पति संतोष यादव और चचिया सास श्याम कुअर उसे बाइक पर बैठाकर दतिया अस्पताल ले गए और वहां छोड़कर भाग निकले। लगभग एक घंटे बाद सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचे मायके पक्ष (माता-पिता) को नेहा ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
बड़ौनी पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपी पति संतोष यादव सहित कृपाराम यादव, भगवान सिंह यादव, रमेश यादव, श्याम कुअर और नंदनी यादव के विरुद्ध बीएनएस की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मेडिकल रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

