दतिया/उनाव। जिले के उनाव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेरसा में शनिवार सुबह एक 45 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। युवक का शव गांव के समीप स्थित तलैया बाबा वाले खेत में एक छेवले के पेड़ से लटका हुआ पाया गया। इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मृतक के घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और जिला अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराने के पश्चात परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
मामले की जांच कर रहे विवेचना अधिकारी रामनिवास गुर्जर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ग्राम सेरसा निवासी मनोज कुशवाहा (45 वर्ष) पुत्र दयाराम कुशवाहा के रूप में की गई है। बताया गया है कि मनोज शनिवार सुबह रोज की तरह अपने घर से खेत पर जाने के लिए निकला था। वहां पहुंचकर उसने तलैया बाबा वाले खेत में लगे छेवले के पेड़ पर कपड़े का फंदा बनाया और फांसी के फंदे पर झूल गया, जिससे मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई।
जब सुबह ग्रामीणों और परिजनों की नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी, तो तत्काल उनाव थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। हालांकि, परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों से प्रारंभिक पूछताछ के बावजूद अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मनोज ने इतना आत्मघाती कदम किस वजह से उठाया। पुलिस ने प्रकरण में मर्ग कायम कर लिया है और आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से गहन जांच शुरू कर दी है।

