दतिया. शनिवार को जिला आबकारी अधिकारी दतिया निधि जैन व शिवपुरी के आबकारी अधिकारी वीरेंद्र धाकड़ के संयुक्त नेतृत्व में आबकारी टीम ने बडोनी थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुरा कंजर डेरा पर दबिश देकर वहां से अवैध शराब बनाने का सामान जिसमें 13 हजार किलोग्राम गुड लाहन, 685 लीटर हाथभट्टी की बनी शराब जब्त की गई। मौके से अवैध शराब बनाने के उपकरण, 3 मशीनें व कई ड्रम आदि भी जब्त किए गए। जब्तशुदा शराब एवं सामान की कुल कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई है। आबकारी विभाग द्वारा विभिन्न धाराओं में कुल 4 प्रकरण दर्ज किए गए हैं ।
उक्त कार्यवाही के दौरान आबकारी टीम ने जमीन में गड़े हुए ड्रम निकालकर उनमें भरी अवैध शराब भी बरामद की। जब्त किए गए सामान को वाहनों से लदवाकर भेजा गया। इस कार्रवाई में आबकारी विभाग के संभागीय उड़नदस्ते से उप निरीक्षक निधि गुप्ता, उप निरीक्षक अनिरुद्ध खानविलकर सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
