30 प्रतिशत कम सिलेबस, कई विद्यार्थियों को अभी तक नहीं मालूम कोर्स में क्या हुआ कम

दतिया ।  जिला स्तर पर बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां शुरू कर दी गई है। कोरोना काल में स्कूल नहीं लगने से 30 फीसद सिलेबस कम किया गया था । उसकी जानकारी अभी तक बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के पास नहीं पहुंची है। ऐसे में संशय बना हुआ है कि क्या पढ़ा जाए और क्या ना पढ़ा जाए । जिले में लगभग 18 हजार विद्यार्थी दसवीं बोर्ड के हैं और लगभग 9 हजार विद्यार्थी 12वीं बोर्ड की परीक्षा इस वर्ष देंगे। वर्तमान में परीक्षा फॉर्म भरने का कार्य भी जारी है।

जिले में नौवीं से बारहवीं तक के छात्रों को इस घोषणा से राहत जरूर मिली है, परंतु कई विद्यार्थियों के पास कोर्स में क्या-क्या कम किया गया है, इसकी जानकारी अभी तक नहीं पहुंची है। जिला शिक्षा विभाग का कहना है कि ऐसी स्थिति से निबटने के लिए जिसको भी इस तरह की कोई परेशानी आ रही है तो वह हमसे या स्कूल से सीधे संपर्क कर सिलेबस को समझ सकता है।

कोरोना संक्रमण के कारण पिछले कई माह से स्कूलों का संचालन बंद है। आंशिक रूप से कक्षाएं संचालित तो हो रही हैं, लेकिन इसमें भी पहुंचने वाले बच्चों की संख्या कम है। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने इस साल 30 प्रतिशत कोर्स कम करने की घोषणा की थी। जिले स्तर पर शिक्षा विभाग को यह सिलेबस कम करके भेज दिया गया है। कम हुए सिलेबस के अनुसार ही ऑनलाइन क्लास ली जा रही है या जो छात्र-छात्राएं स्कूल में पहुंचते हैं उन्हें भी इस बारे में समझाया जा रहा है।

नवंबर के पहले सप्ताह में 9वीं से 12वीं तक के विषयों में से कौन से पाठ कम किए गए हैं, इसकी जानकारी स्कूलों तक पहुंचाई गई थी। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने दसवीं कक्षा के एक विषय में 5 पाठ कम किए थे। जिसके बाद अब अन्य विषयों में भी पाठ कम किए गए हैं। जिले में विशेषकर गणित और विज्ञान विषय को लेकर छात्रों में अभी भी संशय बना हुआ है। नियमित कक्षाएं नहीं लगने से पहले ही वह कोर्स को लेकर चिंतित हैं। स्कूलों के अलावा कोचिंग संस्थान भी नहीं लग रहे हैं। ऑनलाइन पढ़ाई के लिए सरकारी स्कूल के अधिकतर बच्चों के पास मोबाइल सुविधा नहीं है। शासन स्तर पर दूरदर्शन और आकाशवाणी के माध्यम से रोजाना संबंधित विषयों को लेकर भी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही थी, लेकिन इसका फायदा भी अधिकतर विद्यार्थी नहीं उठा पाए।

कई स्कूलों में कोर्स हो चुका है पूरा

जिले के इंदरगढ़, भांडेर और सेवढ़ा सहित नगर के कुछ प्राइवेट स्कूलों में पढ़ने वाले नौवीं से बारहवीं तक के छात्रों का कोर्स पूरा हो चुका है। ऐसे में विषय वार कम किए जाने वाले पाठ वह पढ़ चुके हैं। माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से यह काम कुछ माह पहले ही पूरा किया जाता तो संबंधित छात्र उन्हीं विषयों को पढ़ते जो परीक्षा में पूछे जाना है। कलेक्टर संजय कुमार ने भी इस संदर्भ को लेकर और कोर्स कहां तक पूरा हुआ व कम सिलेबस विद्यार्थियों को पता है अथवा नहीं, इसे लेकर शिक्षा विभाग के साथ एक बैठक भी की थी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter