दीपावली त्यौहार को लेकर नगर पालिका ने बदली शहर की सफाई व्यवस्था

दतिया. नगर पालिका ने दीपावली त्यौहार के मद्देनजर सफाई व्यवस्था को बदला है। शहर में दीपावली के दौरान ज्यादा कचरा निकलता है। इस कारण सफाई की प्रक्रिया और सफाई वाहनों के संचालन को भी बदला गया है। कचरा डंप करने के स्थान को भी परिवर्तित किया है। कचरा डंप करने के लिए सब स्टेशन बनाए गए है। सफाई व्यवस्था ज्यादा चुस्त और दुरुस्त रहे इसके लिए अतिरिक्त कर्मचारी भी लगाए गए हैं।

जानकारी के अनुसार दशहरा और दीपावली दोनों त्योहारों को देखते हुए नगर पालिका ने शहर की सफाई व्यवस्था प्रणाली में बदलाव किया है। नगर पालिका के स्वच्छता विभाग ने शहर को साफ रखने के लिए बदलाव प्रक्रिया शुरू की है, इसके तहत पीतांबरा पीठ मंदिर के आसपास के क्षेत्र को सबसे पहले साफ किया जाएगा। इसके बाद बाहरी क्षेत्र की सफाई के लिए अलग-अलग कर्मचारियों की ड्यूटी और जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन क्षेत्रों में यदि सफाई नहीं मिलती है तो संबंधित कर्मचारी ही इसके लिए जिम्मेदार माना जाएगा। प्रत्येक वार्ड में चलाए जाने वाले कचरा वाहन जो डोर-टू-डोर कचरा एकत्रित करते हैं, पहले उन वाहनों पर दो लोगों की ड्यूटी होती थी, किंतु अब कचरा वाहन पर सिर्फ एक ही कर्मचारी गाड़ी चलाएगा और वही कचरा भी एकत्रित करेगा । स्वच्छता विभाग का मानना है कि कचरा गाड़ी में स्वयं लोग आकर कचरा डालते हैं, अतः छोटे कचरा वाहन पर दो आदमी की आवश्यकता नहीं है।

कचरा वाहन के चालक को अब अन्य काम सफाई से संबंधित दिया गया है। इसके अलावा बड़े डंप पर अब सीधा कचरा नहीं डालते हुए, 5 सेक्टर अलग-अलग बनाए गए हैं। जहां पर छोटी कचरा गाड़ियां जाकर कचरा डंप करेंगी । उसके बाद वहां से बड़े वाहन में कचरा ले जाकर ट्रेचिंग ग्राउंड पर डाला जाएगा। नगर पालिका के पास 10 छोटी कचरे वाली गाड़ियां है। इससे यह लाभ होगा कि क्षेत्र की सफाई भी जल्दी होगी और वहां से कचरा और गंदगी भी जल्दी हटा दी जाएगी ताकि कचरा ज्यादा देर तक पड़े रहने से हवा और पशुओं के कारण नहीं फैल पाएगा।

अनुपस्थित कर्मचारियों को नोटिस

सफाई व्यवस्था में लगभग ऐसे 30 कर्मचारी थे, जो अपनी ड्यूटी पर नहीं आते थे। इसके चलते अब नपा प्रशासन ने निरीक्षण बढ़ाने के साथ ही प्रतिदिन हस्ताक्षर करवाने के लिए निर्देशित किया है। इसके चलते वो कर्मचारी भी अब ड्यूटी पर आने लगे हैं। इनमें से कई कर्मचारियों को नोटिस भी दिए गए हैं। इससे सफाई व्यवस्था को अतिरिक्त 30 लोग मिल गए हैं। इसके अलावा 10 लोग जो कचरा गाड़ियों पर हैल्पर के रूप में थे वे भी अतिरिक्त सफाई के लिए मिले हैं। इस तरह कुल 40 लोगों की सफाई व्यवस्था में भागीदारी और तय हो गई है।

प्रतिदिन शहर में निकलता है 5 टन कचरा

दतिया नगर पालिका क्षेत्र में प्रतिदिन औसत 5 टन कचरा निकलता है। दीपावली और दशहरे के मद्देनजर घरों एवं दुकानों की सफाई के चलते यह कचरा इस दौरान लगभग दोगुना हो जाता है। अतः नगर पालिका ने इसे ठीक से समायोजित करने और शहर में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिदिन 10 टन कचरा निकलने के अनुमान से नई सफाई व्यवस्था की प्लानिंग की है।

नालियों पर लगे टूटे जाल भी ठीक होंगे

एक अन्य व्यवस्था के तहत शहर के जिन प्रमुख मार्गों पर नालियों पर लोहे की जालियां लगी हुई है, जो कई जगह टूट चुकी हैं, इन्हें भी ठीक कराने का काम शुरू किया गया है। शहर के लगभग 15 ऐसे स्थान चयनित किए गए हैं, जहां की नालियों पर लोहे के जाल लगे हुए हैं। इनमें से करीब 10 स्थानों पर यह लोहे के जाल टूटे हुए हैं, इसके लिए भी नगर पालिका ने टेंडर पास कर शीघ्र मरम्मत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter