मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए समाजसेवियों से करें चर्चा
दतिया । जिला अस्पताल में मरीजों को और बेहतर सुविधाएं मिले इसके लिए समाजसेवी, स्वंयसेवी संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों जो स्वेच्छा से सहयोग कराना चाहते है उनसे मदद के लिए चर्चा की जाएं। इसके साथ ही जिले में 1 जनवरी 2021 से कोई भी आंगनबाड़ी केन्द्र निजी भवन एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के निवास पर संचालित नहीं की जाएं । निजी भवनों में किराए पर केन्द्र चलते पाए जाने पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।संभागायुक्त आशीष सक्सेना ने गुरुवार को यह बात न्यू कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक में कही। बैठक में कलेक्टर संजय कुमार, स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त संचालक डाॅ. एके दीक्षित, महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त संचालक सीमा शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. एसएन उदयपुरिया, सिविल सर्जन डाॅ. एसएन शाक्य, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी महेन्द्र सिंह अम्ब सहित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
संभागायुक्त सक्सेना ने बैठक में स्वास्थ्य एवं बाल और बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि स्वास्थ्य और महिला बाल विकास की संयुक्त जिम्मेदारी है कि गर्भवती महिलाएं एएनसी के दौरान सभी जांच एवं टीकाकरण समय पर हो । इसके लिए प्रत्येक महिला के स्वास्थ्य कार्ड का संधारण भी हो । एनएएम एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा जांच एवं टीकाकरण की भी जानकारी दी जाए। साथ ही एक साॅफ्टवेयर भी विकसित करें कि एसएमएस के माध्यम से गर्भवती महिलाओं के मोबाईल या उनके परिवार के किसी सदस्य के मोबाईल पर उनकी जांच एवं टीकाकरण की सूचना मिल सके। जिससे निर्धारित तिथि पर जांच करा सकें। इसके लिए जन जागरुकता अभियान भी चलाएं ।
कमिश्नर ने निर्देश दिए कि हमें स्वास्थ्य सेवाओं को विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में सुधार लाना है। इसके लिए उप स्वास्थ्य केन्द्रों पर चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी सुबह 10.30 बजे से सायं 5.30 बजे तक उपस्थित होकर मरीजों का उपचार करें। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य कर्मी समय पर उपस्थित हो और सेवा में सुधार की गुजाईंश को देखते हुए इसकी निगरानी सप्ताह में एक दिन कलेक्टर अपने प्रतिनिधि के रूप में अधिकारियों को जबावदेही सुनिश्चित कर अपने स्तर पर समीक्षा भी करें। संभागायुक्त ने जिले में स्थित निर्सिगहोम एवं निजी चिकित्सालयों के माध्यम से मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं मिले, इसके लिए पात्रता रखने वाले नर्सिगहोमों को आयुष्मान योजना के तहत पंजीयन कराने को कहा । जिससे आयुष्मान योजना के तहत मरीजों को लाभ मिल सके।
मेडीकल का किया निरीक्षण
संभाग आयुक्त अपने प्रवास के दौरान मेडीकल कॉलेज दतिया का निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सा महाविद्यालय द्वारा आरटीपीसीआर लैब में कोविड-19 जांच की भी जानकारी ली। संभागायुक्त ने मेडीकल काॅलेज में शिक्षा ग्रहण कर रहे चकित्सक छात्रों के संबंध में भी जानकारी ली।

