बेहिसाबी नगदी लेकर जा रही कार बार्डर पर पकड़ी गई : इधर हंड्रेड डायल सेवा को गाली देने वाला गिरफ्तार

Datia news : दतिया। बेहिसाबी नगदी लेकर जा रही कार को पुलिस ने यूपी बार्डर पर पकड़ा है। कार राजस्थान की बताई जाती है। जिसमें सवार युवक के पास से बड़ी मात्रा में नगदी बरामद हुई है। पुलिस ने कार को जप्त कर लिया है।

इन दिनाें विधानसभा चुनाव को देखते हुए सीमावर्ती थाना क्षेत्रों की पुलिस को वाहन चेकिंग के निर्देश हैं। इसीको लेकर बाहरी प्रदेशों से आने जाने वाले वाहनों पर निगरानी बढ़ गई है।

थाना प्रभारी वैभव गुप्ता ने बताया कि एमपी-यूपी बार्डर पर पुलिस नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान कार क्रमांक आरजे 02 सीएफ 9952 से पांच लाख रुपये नगद बरामद किए गए। कार में बैठा युवक हेमंत पुत्र बसंत लाल शर्मा निवासी गिर्द ग्वालियर, उक्त पैसों के संबंध में कोई भी दस्तावेज या हिसाब पुलिस के समक्ष पेश नहीं कर सका।

इसके चलते पुलिस द्वारा उक्त पैसों को जप्त कर कार्रवाई को अंजाम दिया। इससे पहले भी एक अन्य कार भी बेहिसाबी नगदी के साथ पुलिस पकड़ चुकी है।

दतिया सहित सेवढ़ा, भांडेर, गोराघाट आदि क्षेत्रों में भी वाहन चेकिंग की जा रही है। अभी तक पकड़े गए वाहनों से हथियार व मादक पदार्थ भी पुलिस ने बरामद किए हैं।

हंड्रेड डायल को गालियां देने वाला पकड़ा : नशे की हालत में एक व्यक्ति ने डायल हंड्रेड सेवा को फोन लगाकर गालियां दे डाली। भोपाल से जब इस संबंध में शिकायत पंडोखर पुलिस को मिली तो आरोपित को खोजकर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार कालीचरण पुत्र सुंटे दोहरे निवासी ग्राम टोरी ने शनिवार को शराब के नशे में डायल हंड्रेड सेवा को फोन लगा दिया।

इसके बाद उसने फोन पर जमकर गाली-गलौज शुरू कर दी। पंडोखर पुलिस के मुताबिक इस संबंध में भोपाल से आरोपित की शिकायत मिली थी। जिसके बाद उसे गिरफ्तार करने की कार्रवाई की गई। इस अभद्रता के लिए आरोपित को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter